उत्तर प्रदेश में दीपावली के अवसर पर योगी सरकार प्रदेश के करोड़ों गरीब परिवारों को राहत देने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान के मुताबिक, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी वितरित की जाएगी. इसके लिए करीब 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी. सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को महंगाई से राहत देना और उन्हें स्वच्छ ईंधन का लाभ पहुंचाना है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस योजना को लेकर पूर्ववर्ती सरकार पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पहले गरीब परिवारों की समस्याओं और महिलाओं की परेशानियों को प्राथमिकता नहीं दी जाती थी. लाखों माताएं और बहनें धुएं से भरी रसोई में खाना बनाने को मजबूर थीं.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने परिवारवाद के बजाय लोक-कल्याण को प्राथमिकता दी है. प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की रसोई तक स्वच्छ ईंधन पहुंचाया गया है. इससे महिलाओं को धुएं से राहत मिलने के साथ स्वास्थ्य, सुविधा और सम्मान भी मिला है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्रतिबद्धता है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी गरीब परिवार को दोबारा धुएं वाले चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर न होना पड़े. उन्होंने कहा कि दीपावली के मौके पर सरकार का प्रयास है कि हर घर में खुशियां और हर रसोई में सुविधा का उजाला पहुंचे.
योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि मातृशक्ति और वंचित परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयास कर रही है. इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश की सभी माताओं और बहनों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं.


