मुंबई में एक धमकी भरे ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. इस ईमेल में बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ समेत कई प्रमुख स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. धमकी मिलने वाली जगहों में बॉम्बे हाईकोर्ट, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और वर्ली रेसकोर्स भी शामिल हैं. मामला सामने आने के बाद मुंबई पुलिस अलर्ट हो गई है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक, बॉम्बे हाईकोर्ट को मिले ईमेल में इन सभी स्थानों का जिक्र किया गया है. पुलिस धमकी भरे संदेश की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ है. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हैं.
अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ का भी ईमेल में जिक्र
धमकी भरे ईमेल में अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले ‘जलसा’ को भी निशाना बनाने की बात कही गई है. इसके अलावा शहर के प्रमुख आर्थिक और सार्वजनिक ठिकानों को भी धमकी दी गई है. ऐसे में पुलिस सभी संबंधित स्थानों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरत रही है.
आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को भी मिल चुकी है धमकी
बॉलीवुड सितारों को धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को भी धमकी मिली थी. आयुष्मान खुराना को धमकी देने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने बेंगलुरु से एक आरोपी को गिरफ्तार किया था. आरोपी के आईटी इंजीनियर होने की जानकारी सामने आई थी। वहीं, तुषार कपूर से जुड़े मामले में भी पुलिस ने जांच की थी.
बॉम्बे हाईकोर्ट को पहले भी मिल चुकी है धमकी
बॉम्बे हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी पहले भी मिल चुकी है. सितंबर 2025 में भी अदालत को धमकी भरा ईमेल भेजा गया था. उस समय सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर में जांच अभियान चलाया था और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी. तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी. इससे पहले भी धमकी मिलने पर हाईकोर्ट परिसर को खाली कराया गया था और सर्च ऑपरेशन चलाया गया था. ताजा ईमेल के बाद एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं.
पुलिस कर रही ईमेल की जांच
मुंबई पुलिस अब ईमेल के स्रोत और उसे भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है. धमकी में जिन स्थानों का नाम लिया गया है, उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जांच और निगरानी की जा रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमकी देने वाले का मकसद क्या था। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़ी अधिक जानकारी सामने आ सकेगी.


