दिवाली के बाद देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया है. कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है. प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, वहीं कई क्षेत्रों में दृश्यता (विजिबिलिटी) भी प्रभावित हुई है. राजधानी के कुछ इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के करीब दर्ज किया गया है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की ओर से सुबह 6 बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक, चांदनी चौक दिल्ली का सबसे प्रदूषित इलाका रहा, जहां AQI 400 दर्ज किया गया. इसके बाद पूसा में 398, NSUT जाफरपुर में 384 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 380 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा सिरी फोर्ट में 375, तालकटोरा गार्डन में 373, मथुरा रोड में 372 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 364 एक्यूआई दर्ज किया गया. इन आंकड़ों से साफ है कि राजधानी के कई हिस्सों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है.
दिल्ली के इन इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक
दिल्ली के अन्य इलाकों में भी प्रदूषण से राहत नहीं मिली है. आईआईटी दिल्ली में AQI 361, आया नगर में 360 और बवाना में 328 दर्ज किया गया. वहीं द्वारका सेक्टर-8 में 327, शादीपुर में 325, लोधी रोड में 324 और झड़ौदा कलां में 320 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया. इन सभी इलाकों में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है. ऐसे में खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
NCR में गुरुग्राम की हवा सबसे ज्यादा खराब
दिल्ली के साथ-साथ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के शहरों में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, गुरुग्राम में AQI 324 दर्ज किया गया, जो इसे एनसीआर के प्रमुख शहरों में सबसे प्रदूषित बनाता है. वहीं नोएडा में एक्यूआई 317 और फरीदाबाद में 315 रिकॉर्ड किया गया. इन दोनों शहरों में भी हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में है. दूसरी ओर, गाजियाबाद में AQI 265 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है.
क्या होता है AQI और इसका स्तर क्या बताता है?
AQI यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स एक ऐसा पैमाना है, जिसके जरिए हवा में मौजूद प्रदूषण के स्तर का पता लगाया जाता है. इसके माध्यम से यह समझा जा सकता है कि किसी क्षेत्र की हवा सांस लेने के लिहाज से कितनी सुरक्षित या हानिकारक है. CPCB के मानकों के अनुसार, AQI का स्तर 301 से 400 के बीच होने पर हवा को ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रखा जाता है. वहीं 401 से 500 के बीच AQI पहुंचने पर इसे ‘गंभीर’ श्रेणी माना जाता है. ऐसे स्तर पर प्रदूषण का असर स्वस्थ लोगों पर भी पड़ सकता है, जबकि पहले से बीमार लोगों को अधिक परेशानी हो सकती है.


