आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और साउथ सिनेमा के चर्चित अभिनेता पवन कल्याण अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित संयुक्त बयान में दावा किया जा रहा है कि पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने शादी के करीब 13 साल बाद अलग होने का फैसला किया है.
वायरल पोस्ट में आपसी सहमति से अलग होने की बात
सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित जॉइंट स्टेटमेंट के मुताबिक, पवन कल्याण और अन्ना ने आपसी सहमति और सम्मान के साथ अलग होने का निर्णय लिया है. पोस्ट में यह भी कहा गया है कि वैवाहिक रिश्ता खत्म होने के बावजूद दोनों के बीच दोस्ती बनी रहेगी और वे अपने बच्चों की परवरिश मिलकर करेंगे. कथित बयान में लिखा है, “अपने जीवन का एक बड़ा हिस्सा एक साथ बिताने के बाद हमने आपसी सहमति और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है. भले ही हमारी शादी खत्म हो गई है, लेकिन हम आज भी अच्छे दोस्त हैं और अपने प्यारे बच्चों के लिए समर्पित माता-पिता बने हुए हैं. उनकी खुशी और भलाई हमेशा हमारी साझा प्राथमिकता रहेगी.”
बयान में आगे कहा गया है, “जीवन के इस बदलाव के दौर में हम आपसे समझदारी, दयालुता और हमारी निजता (प्राइवेसी) के प्रति सम्मान की अपेक्षा करते हैं. हम उन सभी लोगों का तहे दिल से शुक्रिया अदा करते हैं, जो इस पूरे सफर में हमारे साथ खड़े रहे.”
2013 में अन्ना कोनिडेला से की थी तीसरी शादी
पवन कल्याण ने 30 सितंबर 2013 को रूसी मूल की मॉडल अन्ना कोनिडेला से तीसरी शादी की थी. दोनों की मुलाकात एक फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई थी। इस शादी से उनके दो बच्चे हैं. बेटी का नाम पोलेन अंजना पवनोवा और बेटे का नाम मार्क शंकर पवनोविच है.
रेणु देसाई से दूसरी और नंदिनी से पहली शादी
पवन कल्याण की पहली शादी साल 1997 में नंदिनी से हुई थी. यह रिश्ता पारिवारिक सहमति से तय हुआ था।.हालांकि, बाद में दोनों के बीच मतभेद सामने आए और उनका वैवाहिक जीवन समाप्त हो गया. इसके बाद पवन कल्याण ने अभिनेत्री रेणु देसाई से शादी की. दोनों का विवाह 2009 में हुआ था, लेकिन यह रिश्ता भी लंबे समय तक नहीं चल सका. साल 2012 में दोनों का तलाक हो गया। इस रिश्ते से उनके दो बच्चे हैं—बेटा अकिरा नंदन और बेटी आध्या. अब अन्ना कोनिडेला से अलग होने की खबरों के बाद पवन कल्याण की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है. हालांकि, वायरल संयुक्त बयान की प्रामाणिकता और अलगाव को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।


