दिल्ली में छठ पूजा मनाने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर है. दिल्ली सरकार ने छठ महापर्व के अवसर पर 16 नवंबर 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है. इस संबंध में सरकार की ओर से आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया गया है. इसके तहत दिल्ली के सभी सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) में छुट्टी रहेगी. सरकार के इस फैसले से छठ पूजा की तैयारियों में जुटे लोगों को राहत मिलेगी.
दिल्ली सरकार ने जारी किया छुट्टी का नोटिफिकेशन
दिल्ली सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, प्रतिहार षष्ठी या सूर्य षष्ठी यानी छठ पूजा के अवसर पर सोमवार, 16 नवंबर 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है. इस दौरान दिल्ली सरकार के सभी सरकारी कार्यालय, स्वायत्त निकाय और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम बंद रहेंगे. हालांकि, निजी कंपनियों, निजी संस्थानों और अन्य प्रतिष्ठानों पर यह अवकाश स्वतः लागू होगा या नहीं, यह उनके अलग-अलग नियमों और संबंधित निर्देशों पर निर्भर करेगा.
चार दिनों तक चलेगा छठ महापर्व
इस साल छठ पूजा का पर्व 13 नवंबर से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा. यह पर्व भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना के लिए समर्पित है. चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की लंबी उम्र की कामना करते हैं.
छठ महापर्व मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में विशेष श्रद्धा के साथ मनाया जाता है. हालांकि, दिल्ली समेत देश के दूसरे राज्यों में भी बड़ी संख्या में लोग इस पर्व को मनाते हैं. इस दौरान श्रद्धालु नदियों, तालाबों और बनाए गए छठ घाटों पर पहुंचकर सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं.
छठ पूजा 2026: किस दिन कौन-सा अनुष्ठान होगा?
13 नवंबर, शुक्रवार: नहाय-खाय
छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होगी. इस दिन व्रती पवित्र स्नान करते हैं और घरों की साफ-सफाई के बाद शुद्धता के साथ पारंपरिक भोजन ग्रहण करते हैं. इसी दिन से छठ व्रत के नियमों का पालन शुरू हो जाता है.
14 नवंबर, शनिवार: खरना
छठ पूजा के दूसरे दिन खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं. इस अवसर पर गुड़ की खीर, रोटी और अन्य पारंपरिक प्रसाद तैयार किए जाते हैं. खरना के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है.
15 नवंबर, रविवार: संध्या अर्घ्य
छठ महापर्व का सबसे महत्वपूर्ण अनुष्ठान संध्या अर्घ्य होगा। इस दिन श्रद्धालु नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचकर डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देते हैं. इस दौरान बांस की टोकरी और सूप में फल, ठेकुआ, नारियल और अन्य पूजा सामग्री सजाई जाती है.
16 नवंबर, सोमवार: उषा अर्घ्य और पारण
छठ पूजा के अंतिम दिन सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा. इसे उषा अर्घ्य कहा जाता है. इसके बाद व्रती पूजा संपन्न करके पारण करेंगे और अपना निर्जला व्रत खोलेंगे. इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जाएगा.
सीएम रेखा गुप्ता ने अधिकारियों के साथ की बैठक
छठ पूजा की तैयारियों को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों और छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी की थी. इस दौरान उन्होंने कहा कि छठ महापर्व लाखों लोगों की आस्था, विश्वास और परंपराओं से गहराई से जुड़ा हुआ है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और छठ घाटों पर आने वाले लोगों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखें. बैठक में छठ पूजा समितियों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे. सरकार की ओर से घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
दिल्ली सरकार के इस फैसले से छठ पूजा मनाने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. खासकर सरकारी कार्यालयों में काम करने वाले श्रद्धालु 16 नवंबर को अपने परिवार के साथ उषा अर्घ्य और पारण के अनुष्ठान में शामिल हो सकेंगे. अब लोगों की नजर छठ घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था पर रहेगी.


