सोनिया गांधी की किताब में बड़े खुलासे, राजीव गांधी से प्रेम कहानी से लेकर इमरजेंसी तक का जिक्र

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love इन दिनों चर्चा में है. इस आत्मकथा में सोनिया गांधी ने अपनी निजी जिंदगी से लेकर भारतीय राजनीति के कई अहम घटनाक्रमों पर खुलकर अपनी बात रखी है.
Belonging: A Journey of Love
सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love इन दिनों चर्चा में है. इस आत्मकथा में सोनिया गांधी ने अपनी निजी जिंदगी से लेकर भारतीय राजनीति के कई अहम घटनाक्रमों पर खुलकर अपनी बात रखी है. किताब में राजीव गांधी के साथ उनकी प्रेम कहानी, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ रिश्ते, 1975 का आपातकाल, इंदिरा गांधी की हत्या और 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने जैसे कई महत्वपूर्ण प्रसंग शामिल हैं. इसके अलावा सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने राजनीतिक और व्यक्तिगत संबंधों को लेकर भी कई बातें लिखी हैं.

राजीव गांधी से पहली मुलाकात

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में राजीव गांधी के साथ अपने रिश्ते की शुरुआत का भी जिक्र किया है. उनका जीवन इटली में बीता था. पढ़ाई के सिलसिले में इंग्लैंड पहुंचने के बाद 1965 में कैम्ब्रिज में उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी. पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्रेम में बदल गया.

इसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया. शादी के बाद सोनिया गांधी भारत आईं और नेहरू-गांधी परिवार का हिस्सा बनीं. एक अलग देश, संस्कृति और पारिवारिक माहौल में खुद को ढालना उनके लिए जीवन का बड़ा बदलाव था. किताब में उन्होंने बताया है कि किस तरह भारत धीरे-धीरे उनका अपना घर बन गया और राजीव गांधी के साथ उनका रिश्ता उनके जीवन का अहम हिस्सा बन गया.

इंदिरा गांधी के स्वभाव और परिवार के भीतर के अनुभव भी साझा किए

सोनिया गांधी ने अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ अपने रिश्तों को लेकर भी कई निजी अनुभव साझा किए हैं. उन्होंने इंदिरा गांधी को मजबूत व्यक्तित्व वाली महिला बताया है, जो अपने काम को लेकर बेहद गंभीर रहती थीं.

किताब में एक घटना का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी बताती हैं कि एक बार इंदिरा गांधी के एक कर्मचारी से जरूरी अपॉइंटमेंट याद दिलाना छूट गया था. इस पर इंदिरा गांधी ने कर्मचारी को कमरे के एक कोने में खड़ा कर दिया था. इस घटना के जरिए सोनिया गांधी ने इंदिरा गांधी के स्वभाव के एक अलग पहलू को सामने रखा है.

इमरजेंसी को बताया बड़ी गलती, संजय गांधी की भूमिका पर भी उठाए सवाल

सोनिया गांधी ने 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल यानी इमरजेंसी पर भी अपनी राय रखी है. उन्होंने इस फैसले को एक बड़ी गलती बताया है. किताब में उनके हवाले से कहा गया है कि इंदिरा गांधी बाद में इस फैसले को लेकर असहज थीं और उन्हें भी इसका एहसास हुआ था. सोनिया गांधी ने आपातकाल के दौरान संजय गांधी की भूमिका का भी उल्लेख किया है. उनके मुताबिक, अगर संजय गांधी को नियंत्रण में रखा गया होता तो आपातकाल के दौरान देश को हुए नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था.

किताब में यह भी बताया गया है कि राजीव गांधी आपातकाल लगाने के फैसले के पक्ष में नहीं थे. उन्होंने इंदिरा गांधी को अगले चुनाव तक इंतजार करने की सलाह दी थी, जबकि संजय गांधी आपातकाल के पक्ष में थे.

इंदिरा गांधी की हत्या वाले दिन का किया भावुक जिक्र

सोनिया गांधी ने 31 अक्टूबर 1984 को इंदिरा गांधी की हत्या के दिन का बेहद भावुक विवरण भी दिया है. उन्होंने बताया कि उस दिन वह अपने कमरे में थीं और नहाने की तैयारी कर रही थीं. तभी उन्हें पटाखों जैसी आवाज सुनाई दी. कुछ ही देर बाद घर में काम करने वाली एक महिला ने उनके बाथरूम का दरवाजा खटखटाया और उन्हें बाहर आने के लिए कहा. सोनिया गांधी तुरंत बाहर की ओर दौड़ीं. वहां उन्होंने देखा कि इंदिरा गांधी को एक सफेद एंबेसडर कार में अस्पताल ले जाया जा रहा था.

सोनिया गांधी ने इंदिरा गांधी को खून से लथपथ हालत में देखा. इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा. डॉक्टरों ने कई घंटे बाद इंदिरा गांधी को मृत घोषित कर दिया. सोनिया गांधी के लिए यह उनके जीवन की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक थी.

राजीव गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के फैसले से डर गई थीं सोनिया

इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजीव गांधी को प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के लिए कहा गया था. सोनिया गांधी ने किताब में इस घटनाक्रम का भी जिक्र किया है. उन्होंने बताया कि जब राजीव गांधी को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने की बात बताई गई तो वह काफी चिंतित हो गई थीं. सोनिया गांधी नहीं चाहती थीं कि राजीव गांधी प्रधानमंत्री बनें. उन्हें डर था कि जिस तरह इंदिरा गांधी की हत्या हुई, उसी तरह राजीव गांधी की जान को भी खतरा हो सकता है.

सोनिया गांधी ने राजीव गांधी से प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने की अपील की थी. उन्होंने बच्चों और परिवार का हवाला देते हुए उन्हें इस जिम्मेदारी से दूर रहने के लिए कहा. हालांकि, राजीव गांधी ने जवाब दिया कि अगर उन्हें मारना ही है तो वे वैसे भी उन्हें मार देंगे.

पीएम मोदी को लेकर सोनिया गांधी ने कही ये बात

सोनिया गांधी की किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके संबंधों और राजनीतिक विचारधारा को लेकर भी चर्चा की गई है. उन्होंने लिखा है कि नरेंद्र मोदी और उनके बीच भारत को लेकर अलग-अलग विचार हैं. सोनिया गांधी के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी अपने भारत के विजन के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जबकि वह अपने विचारों वाले भारत के लिए लड़ रही हैं. उन्होंने अपने भारत के विचार को समावेशी, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय पर आधारित बताया है.

सोनिया गांधी ने यह दावा भी किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनका कभी वास्तविक व्यक्तिगत संपर्क नहीं रहा. उन्होंने बताया कि आधिकारिक कार्यक्रमों में जब दोनों आमने-सामने आते हैं तो एक-दूसरे को नमस्ते करते हैं. हालांकि, सोनिया गांधी का आरोप है कि प्रधानमंत्री मोदी उनसे आंख मिलाने से बचते हैं और दूसरी तरफ देखने लगते हैं. उन्होंने कहा कि पहले अलग-अलग राजनीतिक विचारधारा वाले नेताओं के बीच भी आपसी सौहार्द और व्यक्तिगत संबंध बने रहते थे, लेकिन अब राजनीतिक माहौल में वह आत्मीयता कम होती दिखाई देती है..

2004 में क्यों ठुकराया था प्रधानमंत्री पद?

सोनिया गांधी ने 2004 के लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले पर भी अपनी बात रखी है. उस समय कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को जीत मिली थी और सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री बनने की चर्चा तेज थी. हालांकि, उन्होंने यह पद स्वीकार नहीं किया और डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने का फैसला किया.

किताब में सोनिया गांधी ने मनमोहन सिंह की ईमानदारी, प्रशासनिक अनुभव और शासन व्यवस्था की समझ का उल्लेख किया है. उनके मुताबिक, मनमोहन सिंह इस जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त व्यक्ति थे. उन्होंने प्रणब मुखर्जी की प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा का भी जिक्र किया है.

निजी जिंदगी से लेकर देश की राजनीति तक का सफर

सोनिया गांधी की आत्मकथा Belonging: A Journey of Love में उनकी जिंदगी के कई महत्वपूर्ण पड़ावों को शामिल किया गया है. इसमें इटली में बिताए बचपन से लेकर राजीव गांधी से मुलाकात, इंदिरा गांधी के साथ पारिवारिक रिश्ते, आपातकाल, गांधी परिवार की त्रासदियां और कांग्रेस की राजनीति तक का जिक्र है.

इस किताब के जरिए सोनिया गांधी ने अपने जीवन के उन अनुभवों को सामने रखा है, जिनका भारतीय राजनीति और गांधी परिवार के इतिहास से गहरा संबंध रहा है. खास बात यह है कि इसमें उन्होंने इंदिरा गांधी के आपातकाल के फैसले पर आलोचनात्मक रुख अपनाने के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक दृष्टिकोण पर भी अपनी राय रखी है.

संबंधित खबरें

सोनिया गांधी की किताब में बड़े खुलासे, राजीव गांधी से प्रेम कहानी से लेकर इमरजेंसी तक का जिक्र

‘दिवाली हो या प्रदूषण, मानव जनित रोग है…’, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर छिड़ी बहस

‘रामायण’ में सीता के फाइट सीन पर भड़के मुकेश खन्ना, मेकर्स पर लगाए गंभीर आरोप

नोएडा की गारमेंट कंपनी में भीषण आग, धू-धू कर जली पूरी बिल्डिंग

13 साल बाद टूटेगा पवन कल्याण का रिश्ता? तीसरी पत्नी अन्ना कोनिडेला से अलगाव की चर्चा

Recommended Stories

सोनिया गांधी की किताब में बड़े खुलासे, राजीव गांधी से प्रेम कहानी से लेकर इमरजेंसी तक का जिक्र

‘दिवाली हो या प्रदूषण, मानव जनित रोग है…’, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर छिड़ी बहस

‘रामायण’ में सीता के फाइट सीन पर भड़के मुकेश खन्ना, मेकर्स पर लगाए गंभीर आरोप

नोएडा की गारमेंट कंपनी में भीषण आग, धू-धू कर जली पूरी बिल्डिंग

13 साल बाद टूटेगा पवन कल्याण का रिश्ता? तीसरी पत्नी अन्ना कोनिडेला से अलगाव की चर्चा