दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का एक बयान चर्चा में आ गया है. सहारनपुर से कांग्रेस सांसद ने दिवाली और प्रदूषण को मानव जनित बताते हुए कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए लोगों को खुद जागरूक होना पड़ेगा. उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. खास तौर पर दिवाली को लेकर इस्तेमाल किए गए उनके शब्दों पर चर्चा हो रही है।.
‘सरकार किसी की भी हो, लोगों को खुद जागरूक होना पड़ेगा’
इमरान मसूद ने प्रदूषण के मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए कहा कि यह समस्या इंसानों की गतिविधियों से पैदा हुई है. उन्होंने कहा कि केवल सरकार के भरोसे प्रदूषण पर काबू नहीं पाया जा सकता, इसके लिए आम लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी.
कांग्रेस सांसद ने कहा, “दिवाली हो या प्रदूषण, जो है वो मानव जनित रोग है, लोगों को जागरूक होना पड़ेगा, चाहे उनकी सरकार हो या हमारी, सरकार बहुत ज्यादा इसके अंदर नहीं करेगी। लोगों को जागरूक होना पड़ेगा.” उन्होंने अपने बयान में कुछ लोगों की आलोचना करते हुए कहा कि वे केवल नकारात्मक बातें करते हैं. मसूद के इस बयान को दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण के बढ़ते स्तर के बीच देखा जा रहा है.
चुनाव आयोग को लेकर भी की टिप्पणी
इमरान मसूद ने इस दौरान चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग दबाव में है और घबराहट में बार-बार अपने आदेश वापस ले रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि लोगों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है.
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक
गौरतलब है कि दिवाली के बाद दिल्ली और आसपास के शहरों में वायु गुणवत्ता खराब बनी हुई है. 10 नवंबर की सुबह जारी CPCB के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के चांदनी चौक में AQI 400 दर्ज किया गया, जबकि पूसा में यह 398 रहा. एनएसयूटी जाफरपुर में 384 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 380 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया. ऐसे में इमरान मसूद का बयान प्रदूषण की जिम्मेदारी, सरकार की भूमिका और आम लोगों की भागीदारी को लेकर नई चर्चा का विषय बन गया है.


