भाई दूज की अनोखी कथा: जब बहन ने बचाई अपने 7 भाइयों की जान

दिवाली के बाद कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भाई दूज का त्योहार मनाया जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाती हैं और उनकी लंबी उम्र की प्रार्थना करती हैं।
भाई दूज की अनोखी कथा
भाई दूज की अनोखी कथा

भाई दूज का पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। इस अवसर पर सात भाइयों और एक बहन की एक प्रचलित पौराणिक कथा भी पढ़ी जाती है, जिसमें बहन अपनी सूझबूझ और साहस से न केवल अपने सातवें भाई की जान बचाती है, बल्कि अपने छह मृत भाइयों को भी जीवन दिलाती है।

हिंदू पंचांग के अनुसार, दिवाली के बाद कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भाई दूज का त्योहार मनाया जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाती हैं और उनकी लंबी उम्र की प्रार्थना करती हैं। भाई दूज से जुड़ी यमराज और यमुना की कथा भी प्रचलित है। इसके अलावा सात भाइयों और एक बहन की यह लोकप्रचलित कथा भी विशेष रूप से सुनाई जाती है।

सात भाइयों और एक बहन की कहानी

कथा के अनुसार, एक बुढ़िया माई के सात बेटे और एक बेटी थी। दुर्भाग्यवश उसके छह बेटों की शादी के समय ही मौत हो गई थी। मान्यता थी कि जैसे ही किसी बेटे की शादी होती, एक नाग आकर उसे डस लेता था। इस तरह छह बहुएं विधवा हो चुकी थीं। अब सातवें बेटे की शादी होने वाली थी, जिससे मां बेहद परेशान रहती थी। अपने बेटों को खोने के दुख में वह रोते-रोते अंधी हो गई थी।

एक दिन भाई दूज का त्योहार आया। सातवें बेटे ने मां से कहा कि वह अपनी बहन के घर तिलक करवाने जा रहा है। मां ने उसे सावधानी से जाने की सलाह दी। दूसरी ओर, भाई के आने की खबर सुनकर बहन बेहद खुश हुई। उसने पड़ोसन से पूछा कि भाई के पहली बार घर आने पर क्या पकाना चाहिए। पड़ोसन उससे जलती थी, इसलिए उसने गलत सलाह देते हुए कहा कि घर को दूध से लीपना और घी में चावल पकाना। बहन ने पड़ोसन की बात मानकर वैसा ही किया।

रास्ते में मिला सांप, भाई ने मांगी मोहलत

उधर, बहन के घर जाते समय रास्ते में एक सांप ने भाई को रोक लिया। सांप ने कहा कि वह उसका काल है और अब उसका जीवन समाप्त होने वाला है। इस पर भाई ने विनती की कि वह अपनी बहन के घर भाई दूज का तिलक करवाने जा रहा है। बहन उसका इंतजार कर रही है, इसलिए एक बार उससे मिल लेने के बाद वह वापस आ जाएगा।

सांप को उसकी बात पर विश्वास नहीं हुआ। तब भाई ने उसे अपने झोले में बैठने के लिए कहा और वादा किया कि लौटते समय वह खुद उसके पास आ जाएगा। सांप उसकी बात मान गया और झोले में बैठ गया।

बहन के घर पहुंचकर भाई ने किया भोजन

भाई जब बहन के घर पहुंचा तो उसने बताया कि उसे बहुत भूख लगी है। बहन ने उसे बताया कि दूध से लीपी रसोई अभी सूखी नहीं है और घी में पकाए गए चावल भी तैयार नहीं हुए हैं। इस पर भाई ने उसे गोबर से रसोई लीपने और दूध में चावल पकाने की सलाह दी। बहन ने ऐसा ही किया और भाई ने प्रेम से भोजन किया।

भोजन के बाद भाई को नींद आने लगी। इसी दौरान बहन के बच्चे उसे मामा कहकर बुलाने लगे और झोले में उनके लिए क्या लाया है, यह पूछने लगे। बच्चों ने झोला खोलकर देखा तो उसमें हीरे-जवाहरात रखे थे। यह देखकर भाई भी हैरान रह गया।

चक्की में मिली सांप की हड्डियां

भाई के लौटने का समय आया तो बहन ने रास्ते में खाने के लिए उसके साथ लड्डू रख दिए। कुछ देर बाद जब बहन के बच्चों ने भी लड्डू मांगे तो वह चक्की के पास पहुंची, जहां भाई के लिए बाजरे के लड्डू बनाए गए थे। वहां उसने चक्की में सांप की हड्डियां देखीं। यह देखकर बहन को चिंता हुई कि कहीं भाई ने इन लड्डुओं को खा लिया तो उसकी जान खतरे में पड़ सकती है। वह बिना चप्पल पहने ही भाई को बचाने के लिए उसके पीछे दौड़ पड़ी। काफी पूछताछ के बाद वह उस जगह पहुंची, जहां उसका भाई पेड़ के नीचे आराम कर रहा था।

बहन ने भाई को जगाकर पूछा कि क्या उसने लड्डू खा लिए हैं। भाई ने मना किया तो बहन ने राहत की सांस ली। इसके बाद वह भाई के साथ ही घर लौटने लगी।

बुढ़िया माई ने बताया भाई पर मंडरा रहा संकट

रास्ते में उन्हें एक बुढ़िया माई मिली। उसने बहन को बताया कि उसके भाई पर बड़ा संकट मंडरा रहा है। उसके छह भाई पहले ही मर चुके हैं और सातवें भाई की शादी के समय भी उसकी जान जा सकती है। बहन ने बुढ़िया से अपने भाई को बचाने का उपाय पूछा।

बुढ़िया ने उसे बताया कि आगे उसे कई कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा। भाई और बहन इन बातों को सुनकर परेशान हो गए, लेकिन दोनों घर लौट आए।

बहन ने सेहरा पहनने से लेकर घोड़ी चढ़ने तक बचाई भाई की जान

कुछ समय बाद सातवें भाई की शादी का दिन आया। जब उसे सेहरा पहनाया जाने लगा तो बहन ने आगे बढ़कर कहा कि भाई सेहरा नहीं पहनेगा, बल्कि वह पहले उसे पहनेगी। बहन के ऐसा करने पर सेहरे की कलगी के नीचे सांप का बच्चा दिखाई दिया। बहन ने उसे निकालकर फेंक दिया। इस तरह उसने पहली बार अपने भाई की जान बचाई।

इसके बाद जब भाई के घोड़ी चढ़ने की बारी आई तो बहन ने कहा कि भाई की जगह वह घोड़ी पर बैठेगी। परिवार के लोगों ने उसकी बात मान ली। बारात निकलने के समय भी बहन ने पहले खुद दरवाजे से बाहर जाने की जिद की। जैसे ही वह बाहर निकली, दरवाजा गिरने लगा। इस तरह एक बार फिर भाई की जान बच गई।

फेरों के समय दुल्हन ने बचाए छह जेठ

अब विवाह के फेरों का समय आया। बहन ने दुल्हन को पहले ही बता दिया था कि उसने अब तक अपने पति की रक्षा की है, लेकिन आगे उसे अपने पति और उसके छह भाइयों की जान बचानी होगी। उसने बताया कि फेरों के समय एक सांप उसके पति को डसने आएगा। विवाह के दौरान जैसे ही सांप वहां पहुंचा, दुल्हन ने उसे लोटे और थाली से ढक दिया। तभी सांप की पत्नी यानी नागिन वहां पहुंची और अपने पति को छुड़ाने लगी। इस पर दुल्हन ने शर्त रखी कि पहले वह अपने सातों जेठों को जीवित करे। नागिन ने उसकी बात मान ली और उसके सभी जेठों को फिर से जीवित कर दिया।

उधर, बुढ़िया माई अपने सातवें बेटे की मौत की आशंका में रो रही थी। तभी गांव वालों ने उसे बताया कि उसके सातों बेटे और सातों बहुएं घर लौट रहे हैं। सभी ने बहन की बहादुरी की तारीफ की, जिसने न केवल अपने भाई की जान बचाई, बल्कि अपने छह भाइयों को भी जीवन दिलाया।

भाई दूज की यह कथा भाई-बहन के प्रेम, त्याग और एक-दूसरे के प्रति समर्पण का संदेश देती है। मान्यता है कि इस दिन बहनें अपने भाइयों के सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना के साथ पूजा करती हैं।

संबंधित खबरें

कानपुर सेंट्रल से निकलते ही पटरी से उतरी चौरीचौरा एक्सप्रेस, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

अमृतपाल सिंह के लिए मांगी गई पैरोल, दादी के निधन के बाद कोर्ट में दाखिल हुई याचिका

कश्मीर में फिर किसकी साजिश? कुलगाम में CRPF जवानों पर हमला, 548 घटनाओं का आंकड़ा चौंकाने वाला

भाई दूज की अनोखी कथा: जब बहन ने बचाई अपने 7 भाइयों की जान

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला, CRPF के 3 जवान घायल, सर्च ऑपरेशन जारी

Recommended Stories

कानपुर सेंट्रल से निकलते ही पटरी से उतरी चौरीचौरा एक्सप्रेस, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

अमृतपाल सिंह के लिए मांगी गई पैरोल, दादी के निधन के बाद कोर्ट में दाखिल हुई याचिका

कश्मीर में फिर किसकी साजिश? कुलगाम में CRPF जवानों पर हमला, 548 घटनाओं का आंकड़ा चौंकाने वाला

भाई दूज की अनोखी कथा: जब बहन ने बचाई अपने 7 भाइयों की जान

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला, CRPF के 3 जवान घायल, सर्च ऑपरेशन जारी