उत्तर प्रदेश के कानपुर में बुधवार को चौरीचौरा एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना सामने आई है। कानपुर सेंट्रल स्टेशन से निकलते ही ट्रेन का एक डिब्बा पटरी से उतर गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचकर डिब्बे को दोबारा पटरी पर चढ़ाने की कोशिश में जुटे हैं। खास बात यह है कि बुधवार को ही असम में भी कोलकाता-सायरंग एक्सप्रेस के डिरेल होने की घटना हुई थी।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में रेल हादसे से यात्रियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, अनवरगंज से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन नंबर 15003 चौरीचौरा एक्सप्रेस कानपुर सेंट्रल स्टेशन से रवाना हुई ही थी कि उसका एक डिब्बा पटरी से उतर गया। घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हलचल मच गई। फिलहाल रेलवे अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और डिब्बे को दोबारा ट्रैक पर लाने की कोशिश की जा रही है। हादसे में किसी के घायल होने या नुकसान की आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
असम में भी पटरी से उतरी थी कोलकाता-सायरंग एक्सप्रेस
इससे पहले बुधवार, 11 नवंबर को असम में गुवाहाटी के पास डिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-सायरंग एक्सप्रेस पटरी से उतर गई थी। इस ट्रेन में 300 से ज्यादा यात्री सवार थे। असम के मुख्यमंत्री ने जानकारी दी थी कि हादसे में ट्रेन के पांच डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गए। घटना में चार लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
पूर्व रेलवे के एक अधिकारी के मुताबिक, ट्रेन में कोलकाता, नैहाटी, कृष्णानगर, मालदा और कटिहार मंडलों के अलग-अलग स्टेशनों से यात्री सवार हुए थे। ये सभी गुवाहाटी से आगे की यात्रा कर रहे थे।
यात्रियों की मदद के लिए बनाए गए सहायता केंद्र
हादसे के बाद रेलवे की ओर से यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए इंतजाम किए गए। पूर्व रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के यात्रियों को जरूरी जानकारी और मदद उपलब्ध कराने के लिए सियालदह, अलीपुरद्वार, नैहाटी और बहरमपुर कोर्ट स्टेशनों पर सहायता केंद्र बनाए गए हैं।
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के एक प्रवक्ता ने हादसे की वजह बताते हुए कहा कि किसी दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए सायरंग-कोलकाता एक्सप्रेस को डिगारू रेलवे स्टेशन पर रोका जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।
एक ही दिन में दो रेल हादसों से बढ़ी चिंता
बुधवार को पहले असम और फिर उत्तर प्रदेश के कानपुर में ट्रेन के पटरी से उतरने की घटनाएं सामने आईं। असम में कोलकाता-सायरंग एक्सप्रेस के इंजन और पांच डिब्बे बेपटरी हुए, जबकि कानपुर में चौरीचौरा एक्सप्रेस का एक डिब्बा पटरी से उतर गया। दोनों घटनाओं के बाद रेलवे की ओर से राहत और बहाली से जुड़े काम किए जा रहे हैं।


