प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कर्नाटक को 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. बेंगलुरु में नम्मा मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन करने के साथ उन्होंने बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई. इसके अलावा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित चार रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन किया. पीएम मोदी ने कहा कि विकसित कर्नाटक से विकसित भारत के निर्माण को नई गति मिलेगी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 13 नवंबर को कर्नाटक के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बेंगलुरु और मैसुरु में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और राज्य को कनेक्टिविटी, ऊर्जा सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी परियोजनाओं की सौगात दी. बेंगलुरु में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन कर्नाटक की विकास यात्रा को नई गति देने वाला है. उनके मुताबिक, मेट्रो और रेल से जुड़ी परियोजनाएं राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करेंगी.
एस-व्यासा विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में हुए शामिल
कर्नाटक दौरे की शुरुआत में प्रधानमंत्री बेंगलुरु के एस-व्यासा विश्वविद्यालय स्थित प्रशांति कुटीरम पहुंचे. यहां उन्होंने संस्थान के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लिया. इस दौरान एच.वी. शेषाद्रि की जन्म शताब्दी से जुड़े कार्यक्रम में भी शामिल हुए.
इसके बाद पीएम मोदी ने बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन किया. उन्होंने कालेना अग्रहारा से तावरेकेरे तक के मेट्रो खंड को हरी झंडी दिखाई. इसके बाद तावरेकेरे मेट्रो स्टेशन से आईआईएम बेंगलुरु स्टेशन तक मेट्रो में सफर भी किया. पिंक लाइन का यह हिस्सा बेंगलुरु में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने और यात्रियों का सफर आसान करने की दिशा में अहम माना जा रहा है.
पीएम मोदी ने बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत को दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु, तटीय कर्नाटक और गोवा को जोड़ने वाली नई वंदे भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई. यह ट्रेन बेंगलुरु से शुरू होकर हासन, सकलेशपुर, मंगलुरु, उडुपी, मुरुदेश्वर, गोकर्ण और कारवार जैसे प्रमुख स्थानों से होते हुए गोवा के मडगांव तक पहुंचेगी.
इस नई रेल सेवा से बेंगलुरु और गोवा के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही तटीय कर्नाटक के पर्यटन स्थलों तक पहुंचना भी आसान होगा. पश्चिमी घाट के पहाड़ों, जंगलों और समुद्री तटीय इलाकों से गुजरने वाला यह रेल मार्ग यात्रियों को खूबसूरत प्राकृतिक नजारे भी दिखाएगा. रेलवे के मुताबिक, इस ट्रेन की नियमित व्यावसायिक सेवा 15 नवंबर से शुरू होगी.
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चार स्टेशनों का उद्घाटन
प्रधानमंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए गए चार रेलवे स्टेशनों को भी राष्ट्र को समर्पित किया. इनमें चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड रेलवे स्टेशन शामिल हैं.
इन स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाया गया है. इनके पुनर्विकास से स्थानीय कारोबार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा पीएम मोदी ने बागलकोट-वंडाल रेल लाइन के 45 किलोमीटर लंबे दोहरीकरण खंड और सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड घाट सेक्शन के 55 किलोमीटर लंबे रेल विद्युतीकरण कार्य को भी राष्ट्र को समर्पित किया.
15,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात
बेंगलुरु में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज का ये दिन बेंगलुरु और कर्नाटक की विकास यात्रा को एक नई गति देने वाला है, आज यहां से कनेक्टिविटी और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट शुरू किए जा रहे हैं. मेट्रो और रेल से जुड़े प्रोजेक्ट से लेकर ऊर्जा सुरक्षा के काम तक ये सभी प्रोजेक्ट्स कर्नाटक के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ताकत देने वाले हैं. किसी भी देश की विकास यात्रा में इंफ्रास्ट्रक्चर की बहुत बड़ी भूमिका होती है.”
पीएम मोदी ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से तरक्की, रोजगार और उद्योगों के लिए नए अवसर पैदा होते हैं. जब विकास के ये अवसर समाज के हर वर्ग तक पहुंचते हैं, तो गरीबी के खिलाफ लड़ाई भी मजबूत होती है.
’50 करोड़ नागरिक भीषण गरीबी से बाहर आए’
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में गरीबी उन्मूलन और देश के विकास का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, “इसी का परिणाम है कि बीते वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ नागरिक भीषण गरीबी से बाहर आए हैं, आज शुरू हो रहे प्रोजेक्ट्स भी इसी विकास यात्रा को आगे बढ़ाने वाले हैं. ये विकसित कर्नाटक और विकसित कर्नाटक से विकसित भारत के निर्माण को नई गति देंगे. साथ ही टेक सिटी के रूप में बेंगलुरु की पहचान को और सशक्त करेंगे.”
बेंगलुरु में रोड शो, मैसुरु में भी कई कार्यक्रम
कर्नाटक दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु में रोड शो भी किया. इसके बाद वह मैसुरु पहुंचे, जहां उन्होंने भारत वन के तहत पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया. प्रधानमंत्री ने यहां COSMOS-मैसुरु तारामंडल का भी उद्घाटन किया। इसे भारत का पहला LED डोम तारामंडल बताया गया है.
कुल मिलाकर, प्रधानमंत्री का यह दौरा कर्नाटक में शहरी परिवहन, रेल कनेक्टिविटी, ऊर्जा सुरक्षा और पर्यटन को बढ़ावा देने वाली कई परियोजनाओं के उद्घाटन और शुरुआत के लिहाज से अहम रहा.


