लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाकर सियासी हलचल तेज कर दी है. राहुल गांधी ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री मोदी उनका फोन टैप करवा रहे हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि उनके मोबाइल फोन में उनके सभी आरोपों को साबित करने वाले सबूत मौजूद हैं. राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को आमने-सामने बैठकर खुली बहस करने की चुनौती भी दी है. लेकिन अब सवाल यह उठता है कि आखिर राहुल गांधी के इन दावों के पीछे ठोस सबूत क्या हैं? क्या वाकई उनका फोन टैप किया जा रहा है या फिर यह विपक्ष की ओर से राजनीतिक माहौल बनाने की एक और कोशिश है?
दरअसल, 13 नवंबर को सोशल मीडिया पर बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने अपना मोबाइल दिखाते हुए फोन टैपिंग का आरोप लगाया, उन्होंने कहा कि उनके फोन में ऐसी कई जानकारियां मौजूद हैं, जो उनके आरोपों को साबित कर सकती हैं, राहुल ने दावा किया कि प्रधानमंत्री को भी इसकी जानकारी है, क्योंकि उनका फोन टैप कराया जा रहा है. इसके साथ ही उन्होंने विदेशी ताकतों के प्रभाव और देशविरोधी गतिविधियों जैसे गंभीर मुद्दों को भी अपनी चुनौती से जोड़ दिया.
लेकिन राहुल गांधी के इस बयान के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर उनके पास इतने गंभीर आरोपों को साबित करने वाले सबूत मौजूद हैं, तो फिर उन्हें सार्वजनिक रूप से सामने क्यों नहीं रखा जा रहा? फोन टैपिंग जैसा आरोप कोई सामान्य राजनीतिक बयान नहीं है, यह देश की सुरक्षा व्यवस्था, निजता और संवैधानिक संस्थाओं से जुड़ा बेहद गंभीर विषय है, ऐसे में केवल आरोप लगा देना काफी नहीं है, बल्कि इसकी पुष्टि करने वाले तकनीकी और तथ्यात्मक सबूत भी सामने आने चाहिए…
गौर करने वाली बात यह भी है कि राहुल गांधी इससे पहले भी पेगासस जासूसी विवाद के दौरान फोन टैपिंग का मुद्दा उठा चुके हैं. अब एक बार फिर उन्होंने इसी तरह का आरोप लगाया है. हालांकि, मौजूदा मामले में उनके फोन की कथित टैपिंग को साबित करने वाला कोई स्वतंत्र तकनीकी प्रमाण सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है.
वहीं, पिछले कुछ समय से विपक्ष लगातार SIR यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन को लेकर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर सवाल उठाता रहा है. वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और वोट चोरी जैसे आरोपों के जरिए भी राहुल गांधी सरकार को घेरने की कोशिश करते रहे हैं. अब फोन टैपिंग का नया आरोप सामने आने के बाद राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज हो गई है.
ऐसे में सवाल यह भी है कि क्या विपक्ष के पास सरकार को घेरने के लिए कोई ठोस और नया मुद्दा नहीं बचा है? क्या हर बार किसी नए आरोप के जरिए राजनीतिक सुर्खियां बटोरने की कोशिश की जा रही है? लोकतंत्र में विपक्ष की जिम्मेदारी सरकार से सवाल पूछना और उसकी नीतियों की जवाबदेही तय करना है, लेकिन सवालों के साथ प्रमाण और तथ्यों का होना भी उतना ही जरूरी है.
राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री मोदी को आमने-सामने बहस की चुनौती दे रहे हैं. उनका कहना है कि सीधी बहस में कई ऐसे मुद्दे सामने आ जाएंगे, जिन पर वह संसद में अपनी बात नहीं रख पा रहे हैं. लेकिन क्या देश के सामने गंभीर मुद्दों पर चर्चा का एकमात्र रास्ता आमने-सामने की राजनीतिक बहस है? संसद, संसदीय समितियां और संवैधानिक संस्थाएं भी सवाल पूछने और जवाबदेही तय करने के स्थापित मंच हैं.
अब देखने वाली बात होगी कि राहुल गांधी अपने फोन टैपिंग के आरोपों के समर्थन में कोई ठोस सबूत सामने रखते हैं या फिर यह मामला भी दूसरे राजनीतिक आरोपों की तरह बयानबाजी तक ही सीमित रह जाता है. फिलहाल इतना जरूर है कि विपक्ष के इन आरोपों ने एक बार फिर सियासी बहस को गर्म कर दिया है. लेकिन जनता के सामने असली सवाल यही है कि आरोपों की राजनीति से आगे बढ़कर क्या विपक्ष सरकार को ठोस तथ्यों और मुद्दों पर घेर पाएगा?


