राजस्थान की राजधानी जयपुर के विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र (VKI) में भीषण सड़क हादसा हुआ है. 14 नंबर के पास एक अनियंत्रित ट्रक सर्विस लेन में घुस गया और कई वाहनों को टक्कर मार दी. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं. जयपुर में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने सड़क पर जमकर कहर बरपाया. ट्रक अनियंत्रित होकर सर्विस लेन में जा घुसा और रास्ते में आने वाली कई गाड़ियों को रौंदता चला गया. इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए.
घटना विश्वकर्मा थाना क्षेत्र के VKI इलाके में 14 नंबर के पास हुई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. वहां उन्हें इलाज मुहैया कराया जा रहा है. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
ट्रक और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसे के बाद घटनास्थल का एक वीडियो भी सामने आया है. इसमें ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है. ट्रक के सामने लगा शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. वहीं, ट्रक की टक्कर से एक कार को भी भारी नुकसान पहुंचा है. कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और सामने का शीशा टूट गया. कार का अगला फ्रेम भी टेढ़ा होकर एक तरफ झुक गया. वाहन के टूटे हुए हिस्से सड़क पर बिखरे नजर आए.
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया. फिलहाल दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है.


