उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा कांड की यादें ताजा कर दी हैं. कानपुर के सिंहपुर स्थित रुद्रा ग्रींस अपार्टमेंट की छठी मंजिल से गिरकर संभव खंडेलवाल नामक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक गुरु कृपा पेपर के मालिक का इकलौता बेटा था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. वहीं, मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा था संभव
जानकारी के मुताबिक, संभव खंडेलवाल अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए रुद्रा ग्रींस अपार्टमेंट स्थित उसके फ्लैट पर पहुंचा था. बताया जा रहा है कि घटना के समय युवती का मामा भी फ्लैट में मौजूद था. इसी दौरान संभव अचानक छठी मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई. हालांकि, संभव किन परिस्थितियों में अपार्टमेंट की छठी मंजिल से नीचे गिरा, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है. घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
संभव के परिजन इस घटना को महज एक हादसा मानने से इनकार कर रहे हैं. परिवार का आरोप है कि संभव की मौत के पीछे गहरी साजिश हो सकती है. परिजनों ने युवती और घटना के समय फ्लैट में मौजूद लोगों की भूमिका की जांच करने की मांग की है.परिवार का यह भी आरोप है कि पुलिस ने अभी तक संभव की गर्लफ्रेंड से सख्ती से पूछताछ नहीं की है. परिजन मामले की तह तक जाकर मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग कर रहे हैं.
लखनऊ के शिवा शर्मा कांड से हो रही तुलना
कानपुर की इस घटना की तुलना राजधानी लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा केस से की जा रही है. शिवा शर्मा की भी एक अपार्टमेंट से गिरकर मौत हुई थी. अब कानपुर में संभव खंडेलवाल की संदिग्ध मौत ने एक बार फिर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या संभव की मौत एक हादसा थी या इसके पीछे कोई साजिश थी? घटना के समय फ्लैट में आखिर क्या हुआ था? इन तमाम सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है और मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है. जांच में घटना के समय फ्लैट में मौजूद लोगों की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी. हालांकि, अभी तक हत्या के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है. संभव की मौत की वास्तविक वजह और घटना के पीछे की परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.


