जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है. दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के लारू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए हैं. दोनों आतंकी प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े थे. मारे गए आतंकियों में लश्कर का आखिरी बचा हुआ कमांडर लतीफ भट भी शामिल है.
लश्कर-ए-तैयबा को बड़ा झटका
लतीफ भट के मारे जाने को सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, लतीफ भट लश्कर-ए-तैयबा का आखिरी बचा हुआ कमांडर था. उसके मारे जाने से कश्मीर में आतंकी संगठन के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है.
आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन
दक्षिण कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ जारी कार्रवाई के बीच कुलगाम के लारू इलाके में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है. इस कार्रवाई को घाटी में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता के तौर पर देखा जा रहा है.
कुलगाम में हुई इस मुठभेड़ के बाद लश्कर-ए-तैयबा की गतिविधियों और उसके स्थानीय नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई और महत्वपूर्ण हो गई है. फिलहाल मुठभेड़ से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है.
हमलावरों का पहले ही मिल गया था सुराग
सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक (एसडीजी) संदीप खिरवार ने सोमवार को बताया कि 11 नवंबर को कुलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है. इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए थे, जिसके बाद केंद्र शासित प्रदेश में सुरक्षाबलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. खास बात यह है कि सुरक्षाबलों को हमले में शामिल आतंकियों के बारे में पहले ही अहम सुराग मिल चुके थे.
24 घंटे के भीतर आतंकियों ने की दो वारदातें
गौरतलब है कि कुलगाम में सीआरपीएफ के जवानों पर हमले के 24 घंटे के भीतर ही आतंकियों ने किश्तवाड़ जिले में एक और वारदात को अंजाम दिया. आतंकियों ने दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (एसपीओ) बाबी चंद और यशपाल कुमार की हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि दोनों पुलिसकर्मी आतंकवाद विरोधी अभियान में शामिल होने के लिए सेना के पास जा रहे थे, तभी आतंकियों ने उन्हें निशाना बनाया. लगातार हुई इन दो आतंकी वारदातों के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों की सतर्कता और बढ़ा दी गई है.


