उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए शनिवार (21 नवंबर) का दिन बेहद भावुक रहा. अपनी मां सावित्री देवी के निधन के बाद मुख्यमंत्री उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे, जहां उन्होंने मां के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान सीएम योगी की आंखें नम नजर आईं. मां के पार्थिव शरीर को कंधा देते समय वह अपने आंसू नहीं रोक सके और कई बार आंखें पोंछते दिखाई दिए. सावित्री देवी का शुक्रवार (20 नवंबर) को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था. उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार के चंडीघाट पर किया जाना है.
मां के पार्थिव शरीर को कंधा देते हुए भावुक हुए सीएम योगी
शनिवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर में मां सावित्री देवी के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे. मां को श्रद्धांजलि अर्पित करते समय मुख्यमंत्री बेहद भावुक नजर आए. इसके बाद जब सावित्री देवी की अंतिम यात्रा निकाली गई, तो सीएम योगी ने उनके पार्थिव शरीर को कंधा दिया. इस दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। मुख्यमंत्री बार-बार अपनी आंखें पोंछते दिखाई दिए. सावित्री देवी पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। शुक्रवार को 91 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली.
हरिद्वार के चंडीघाट पर होगा अंतिम संस्कार
सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार के चंडीघाट पर किया जाना है. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह करीब 11:30 बजे उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी. अंतिम संस्कार में परिवार के सदस्यों और कई प्रमुख नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई गई है. अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर करीब 2:15 बजे तक उत्तराखंड में रहेंगे. मां की अंत्येष्टि और आवश्यक रस्में पूरी करने के बाद उनका लखनऊ लौटने का कार्यक्रम है.
मां के निधन के बाद भी सरकारी कार्यक्रम में शामिल होंगे योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शनिवार शाम लखनऊ में एक सरकारी कार्यक्रम में हिस्सा लेने का कार्यक्रम भी निर्धारित है. जानकारी के अनुसार, शाम 5:30 बजे से 6:45 बजे तक आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी प्रस्तावित है. इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री के अंतिम संस्कार के बाद लखनऊ लौटने की जानकारी दी गई है.
गोरखपुर में कार्यक्रम के दौरान मिली थी मां के निधन की खबर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपनी मां के निधन की सूचना शुक्रवार को उस समय मिली थी, जब वह गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम में शामिल थे. इस कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक लाभार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाने थे. जिस समय मां के निधन की खबर पहुंची, मुख्यमंत्री मंच से कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह जानकारी सबसे पहले गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन को मिली थी. उन्होंने तत्काल उत्तर प्रदेश सरकार के सलाहकार और पूर्व आईएएस अधिकारी अवनीश अवस्थी को इसकी सूचना दी.
संबोधन खत्म होने के बाद अवनीश अवस्थी ने दी जानकारी
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन समाप्त होने के बाद अवनीश अवस्थी ने उन्हें उनकी मां के निधन की जानकारी दी. इस दुखद समाचार के बावजूद मुख्यमंत्री ने खुद को संभाला और कार्यक्रम की शेष औपचारिकताएं पूरी कीं. उन्होंने लाभार्थियों से बातचीत की और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री सीधे गोरखनाथ मंदिर के लिए रवाना हो गए. इसके बाद वह अपनी मां की अंतिम विदाई में शामिल होने के लिए उत्तराखंड पहुंचे.
91 वर्ष की उम्र में सावित्री देवी ने ली अंतिम सांस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन शुक्रवार, 20 नवंबर को उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते हुआ. उनके निधन के बाद परिवार में शोक का माहौल है. शनिवार को अंतिम यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां को अंतिम विदाई देते हुए भावुक दिखाई दिए. सार्वजनिक जीवन में अक्सर संयमित नजर आने वाले मुख्यमंत्री के लिए यह निजी जीवन की एक गहरी क्षति है. मां के पार्थिव शरीर को कंधा देते हुए उनकी नम आंखों ने इस दुखद क्षण को और भावुक बना दिया.


