प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे पर पटना पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया. इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, “पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार जी से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई.” प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान गंगा नदी पर बने छह लेन के नए केबल ब्रिज ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन करेंगे.
4,280 करोड़ की लागत से बना 9.76 किलोमीटर लंबा पुल
वैशाली जिले के बिदुपुर को पटना के बाहरी इलाके कच्ची दरगाह से जोड़ने वाला यह पुल 9.76 किलोमीटर लंबा है. करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पुल 19.7 किलोमीटर लंबी कच्ची दरगाह-बिदुपुर सड़क संपर्क परियोजना का प्रमुख हिस्सा है. एक्स्ट्राडोज्ड केबल स्टे ब्रिज तकनीक से निर्मित इस पुल के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा.
महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर घटेगा ट्रैफिक
नीतीश सेतु के चालू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच यात्रा का समय कम होने की उम्मीद है. इसके अलावा महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव भी घटेगा. इस परियोजना से वैशाली जिले के राघोपुर दियारा क्षेत्र के लोगों को विशेष लाभ मिलेगा। गंगा नदी से घिरे इस इलाके में अब तक सड़क संपर्क की सीमित सुविधाएं थीं. नए पुल के जरिए लोगों को पटना के अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में आसानी होगी.
नीतीश सेतु के उद्घाटन से बिहार में सड़क परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती मिलने और लाखों लोगों का आवागमन आसान होने की उम्मीद है.
पीएम मोदी ने नीतीश सेतु का उद्घाटन किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार दौरे के दौरान वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया. करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पुल बिहार की महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में शामिल है. इसके शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ ही लोगों की आवाजाही सुगम होगी.


