उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित चंडीघाट पर अंतिम संस्कार किया गया. सीएम योगी के छोटे भाई महेंद्र ने मां की चिता को मुखाग्नि दी. इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे. योगी आदित्यनाथ की माता का निधन शुक्रवार (20 नवंबर) को सुबह 10:45 पर हुआ था, वे पौड़ी गढ़वाल के पैतृक गांव पंचूर में रह रही थी और काफी समय से बीमार थीं, उनकी उम्र 91 वर्ष थी.
अंतिम संस्कार के दौरान सीएम योगी के बड़े भाई मानवेंद्र, अन्य परिजन और उनके पैतृक गांव के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. सभी ने सावित्री देवी को नम आंखों से अंतिम विदाई दी. अपनी मां को अंतिम विदाई देते समय मुख्यमंत्री योगी बेहद भावुक नजर आए। पूरे संस्कार के दौरान वे कई बार गमगीन हुए. उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे. इस दुखद घड़ी में उपस्थित लोगों ने उन्हें ढांढस बंधाया.
अंतिम संस्कार में शामिल हुए CM धामी और बाबा रामदेव
सावित्री देवी की अंतिम यात्रा में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, योग गुरु बाबा रामदेव और परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज भी शामिल हुए. उन्होंने दिवंगत सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. साथ ही उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे. हरिद्वार और ऋषिकेश से आए साधु-संतों तथा स्थानीय लोगों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की.
हरिद्वार के चंडीघाट पर धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई. इस दौरान परिजनों और उपस्थित लोगों ने सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी.
2020 में हुआ था पिता का निधन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन अप्रैल 2020 में हुआ था, वह वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे. सीएम योगी के परिवार में उनके अलावा तीन भाई और दो बहनें हैं. उनके सबसे छोटे भाई महेंद्र मोहन बिष्ट उत्तराखंड में एक स्कूल शिक्षक हैं. उन्होंने ही अपनी मां को मुखाग्नि दी. इससे पहले पिता के निधन पर भी महेंद्र मोहन बिष्ट ने ही अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाई थी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का परिवार हमेशा से सादगीपूर्ण जीवनशैली के लिए जाना जाता है. सार्वजनिक और राजनीतिक चर्चाओं से दूर रहने वाला उनका परिवार सामान्य जीवन व्यतीत करता रहा है. अब मां सावित्री देवी के निधन से पूरा परिवार शोक में डूबा हुआ है. इस दुखद घड़ी में राजनीतिक हस्तियों, शुभचिंतकों और आम लोगों की ओर से परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थनाएं की जा रही हैं.


