बॉलीवुड अभिनेत्री शरवरी वाघ इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस म्यूजिकल फैमिली ड्रामा में उनके साथ आयुष्मान खुराना मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। हाल ही में फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में शरवरी क्विज रियलिटी शो ‘कोन होनार करोडपती’ में पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने शो की होस्ट माधुरी दीक्षित के सामने अपने करियर के शुरुआती दिनों से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया।

‘प्यार का पंचनामा 2’ की हीरोइन बनना चाहती थीं शरवरी
शरवरी वाघ ने बताया कि अभिनेत्री बनने की चाहत में उन्होंने कार्तिक आर्यन स्टारर फिल्म ‘प्यार का पंचनामा 2’ के लिए ऑडिशन दिया था, लेकिन उनका चयन नहीं हो पाया। ऑडिशन में रिजेक्ट होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और फिल्म के निर्देशक लव रंजन से संपर्क किया। शरवरी ने उनसे फिल्म में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम करने की इच्छा जताई, जिसके लिए लव रंजन ने हामी भर दी।
बिना अनुभव के लव रंजन ने दिया मौका
शरवरी ने उस किस्से को याद करते हुए कहा, ‘मुझे याद है, जब मैंने ‘प्यार का पंचनामा 2′ के लिए ऑडिशन दिया था, लेकिन बात नहीं बन पाई और मैं बाहर हो गई। इसके बाद मैंने उनसे पूछा, क्या मैं आपकी फिल्म में एडी (असिस्टेंट डायरेक्टर) बन सकती हूं? इस पर उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या तुम्हें इस काम से जुड़ा कुछ भी करना आता है? मैंने जवाब दिया कि नहीं, मुझे इससे जुड़ा कुछ भी नहीं आता। फिर भी उन्होंने मुझे अपनी फिल्म में काम करने का मौका दिया और सब कुछ सिखाया।’
इन फिल्मों में भी रहीं असिस्टेंट डायरेक्टर
शरवरी के मुताबिक, लव रंजन से मिला यह मौका उनके करियर के लिए बेहद अहम साबित हुआ। इसके बाद उन्हें संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ और लव रंजन की ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ में भी असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम करने का अवसर मिला। इन फिल्मों के जरिए उन्हें फिल्म निर्माण की बारीकियां सीखने का मौका मिला।
27 नवंबर को रिलीज होगी ‘ये प्रेम मोल लिया’
सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में शरवरी पूर्वा का किरदार निभा रही हैं, जबकि आयुष्मान खुराना प्रेम की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी में पूर्वा के घर और परिवार की जिम्मेदारियों को संभालने के लिए प्रेम अपने परिवार के साथ उसके घर में रहने आ जाता है। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच बनते रिश्तों और आपसी तालमेल के इर्द-गिर्द कहानी आगे बढ़ती है। हिमेश रेशमिया ने फिल्म का संगीत तैयार किया है। यह फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
अहान पांडे के साथ भी नजर आएंगी शरवरी
शरवरी वाघ के आगामी प्रोजेक्ट्स की बात करें तो वह फिल्म ‘बेपरवाह’ में भी नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ ‘सैयारा’ फेम अभिनेता अहान पांडे मुख्य भूमिका में होंगे।


