पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच एक बार फिर गठबंधन की चर्चाएं तेज हो गई हैं. जानकारी के मुताबिक, मंगलवार (24 नवंबर) को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. दोपहर एक बजे होने वाली इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहेंगे. माना जा रहा है कि इस दौरान दोनों दलों के बीच गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है.
दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
दोनों दलों के शीर्ष नेता नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करेंगे. पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले पिछले कई महीनों से बीजेपी और अकाली दल के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही थी, जो अब अंतिम दौर में पहुंच गई है.
पंजाब में 45 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है बीजेपी
पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। सूत्रों के मुताबिक, शिरोमणि अकाली दल बीजेपी को करीब 45 सीटें देने के लिए तैयार है, जबकि बीजेपी 50 से 55 सीटों की मांग कर रही है. पिछले गठबंधन में बीजेपी 23 और अकाली दल 94 सीटों पर चुनाव लड़ता था. इस बार सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम फॉर्मूले का आधिकारिक खुलासा होना बाकी है.
छह साल बाद फिर साथ आने की तैयारी
बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल लंबे समय तक राजनीतिक सहयोगी रहे हैं. सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से अलग होने का फैसला किया था. इसके बाद दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़े। अब करीब छह साल बाद दोनों दल एक बार फिर साथ आने की तैयारी में हैं.
पंजाब विधानसभा चुनाव में बदल सकते हैं सियासी समीकरण
पंजाब में वर्तमान में आम आदमी पार्टी की सरकार है. ऐसे में बीजेपी और अकाली दल के संभावित गठबंधन से आगामी विधानसभा चुनाव में राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं. आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की भी इस घटनाक्रम पर नजर रहेगी. गठबंधन के साथ ही दोनों दलों की साझा चुनावी रणनीति और सीटों के बंटवारे को लेकर आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस महत्वपूर्ण मानी जा रही है.


