‘अकाली दल से होगा मुख्यमंत्री का चेहरा’, पंजाब में BJP-SAD गठबंधन के बाद अमित शाह का बड़ा ऐलान

पंजाब में BJP और अकाली दल के गठबंधन के बाद अमित शाह ने बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा अकाली दल से होगा, जिससे 2027 चुनाव को लेकर सियासी तस्वीर साफ हुई.
पंजाब
अकाली दल से होगा सीएम चेहरा अमित शाह का ऐलान

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने आधिकारिक तौर पर एक बार फिर हाथ मिला लिया है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का ऐलान किया. इस दौरान अमित शाह ने स्पष्ट किया कि पंजाब में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री भी अकाली दल का ही होगा.

तीन महीने की बातचीत के बाद गठबंधन पर लगी मुहर

अमित शाह ने कहा कि एनडीए की सबसे पुरानी सहयोगी पार्टियों में शामिल शिरोमणि अकाली दल एक बार फिर गठबंधन में वापस लौट रही है. पिछले तीन महीने से दोनों दलों के बीच लगातार बातचीत चल रही थी, जिसके बाद आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला लिया गया है. शाह ने स्पष्ट किया कि एनडीए पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर संयुक्त रूप से चुनाव लड़ेगा. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि सीटों के बंटवारे पर फैसला आने वाले दिनों में किया जाएगा.

‘राजनीतिक नहीं, भावनात्मक गठबंधन’- सुखबीर बादल

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर हुए इस गठबंधन का स्वागत करते हुए इसे महज राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि पंजाब के हित में बना एक ‘भावनात्मक गठबंधन’ बताया. उन्होंने कहा कि पंजाब का बच्चा-बच्चा चाहता था कि अकाली दल और बीजेपी फिर से साथ आएं. बादल ने अकाली दल के 106 वर्षों के इतिहास का उल्लेख करते हुए देश के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर पंजाब की प्रगति और कल्याण में पार्टी के योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि यह गठबंधन पंजाब की सुख-शांति, समृद्धि, सुरक्षा और विकास को समर्पित है.

आम आदमी पार्टी पर अमित शाह ने साधा निशाना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि यदि बीजेपी और अकाली दल साथ नहीं आते, तब भी आम आदमी पार्टी की हार निश्चित थी, लेकिन अब दोनों दलों के साथ आने से उसका पूरी तरह सफाया हो जाएगा. शाह ने आरोप लगाया कि सिखों का अपमान करने वालों को सत्ता से हटाने का मन पंजाब की जनता बना चुकी है. उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए की सरकार बनने का विश्वास जताया.

31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का वादा

अमित शाह ने कहा कि पंजाब से नशे और भ्रष्टाचार का खात्मा करना गठबंधन का प्रमुख लक्ष्य है. उन्होंने अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों ने पंजाब से नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन इसे पूरा नहीं कर पाए. शाह ने ऐलान किया कि यदि पंजाब में एनडीए की सरकार बनती है तो 31 दिसंबर 2029 तक राज्य को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा.

गैंगस्टरवाद और अपराध पर लगाम लगाने का संकल्प

अमित शाह ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर कहा कि बीजेपी शासित राज्यों में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहतर रही है. उन्होंने दावा किया कि पंजाब में एनडीए की सरकार बनने पर गैंगस्टरवाद और अपराध पर सख्ती से लगाम लगाई जाएगी. इसके साथ ही किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए गठबंधन पूरी तरह संकल्पित रहेगा. शाह ने कहा कि एनडीए का उद्देश्य पंजाब में शांति, समृद्धि और खुशहाली वापस लाना है.

‘गठबंधन एकता का प्रतीक’- नितिन नवीन

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दोनों दलों के गठबंधन को एकता का प्रतीक बताया. उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान को याद करते हुए कहा कि वर्ष 1675 में उन्होंने कश्मीरी पंडितों की रक्षा और जबरन धर्म परिवर्तन को रोकने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी. उन्होंने कहा कि गुरु साहिबान के इन्हीं संदेशों को लेकर गठबंधन पंजाब की जनता के बीच जाएगा.

युवाओं को रोजगार और महिलाओं को सुरक्षा देने का वादा

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार सिख समाज के सम्मान और पंजाब के विकास के लिए योगदान दिया है. उन्होंने पंजाब के युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार उपलब्ध कराने, महिलाओं को सुरक्षा देने और आम नागरिकों के हितों को प्राथमिकता देने वाली विकासोन्मुख सरकार बनाने का संकल्प जताया. उन्होंने कहा कि एनडीए पंजाब के गौरवशाली इतिहास, साहस, शौर्य और समृद्धि को आगे बढ़ाते हुए विकसित पंजाब के निर्माण की दिशा में काम करेगा.

संबंधित खबरें

‘अकाली दल से होगा मुख्यमंत्री का चेहरा’, पंजाब में BJP-SAD गठबंधन के बाद अमित शाह का बड़ा ऐलान

यूपी में बच्चों से भरी बस का भीषण एक्सीडेंट, 4 की मौत और 35 घायल

पंजाब में 6 साल बाद फिर साथ आए BJP और अकाली दल, 2027 का चुनाव मिलकर लड़ेंगे

BREAKING: सपा ने कांग्रेस को दिया 26 सीटों का प्रस्ताव, सामने आई संभावित उम्मीदवार क्षेत्रों की लिस्ट

बाबा रामदेव के बयान से बढ़ेंगी मुश्किलें? पतंजलि के कारोबार पर पड़ सकता है असर

Recommended Stories

‘अकाली दल से होगा मुख्यमंत्री का चेहरा’, पंजाब में BJP-SAD गठबंधन के बाद अमित शाह का बड़ा ऐलान

यूपी में बच्चों से भरी बस का भीषण एक्सीडेंट, 4 की मौत और 35 घायल

पंजाब में 6 साल बाद फिर साथ आए BJP और अकाली दल, 2027 का चुनाव मिलकर लड़ेंगे

BREAKING: सपा ने कांग्रेस को दिया 26 सीटों का प्रस्ताव, सामने आई संभावित उम्मीदवार क्षेत्रों की लिस्ट

बाबा रामदेव के बयान से बढ़ेंगी मुश्किलें? पतंजलि के कारोबार पर पड़ सकता है असर