पंजाब में 6 साल बाद फिर साथ आए BJP और अकाली दल, 2027 का चुनाव मिलकर लड़ेंगे

पंजाब में 6 साल बाद BJP और अकाली दल के बीच फिर गठबंधन हो गया है. दोनों पार्टियां 2027 का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी.
पंजाब
पंजाब में 6 साल बाद फिर साथ आए BJP-अकाली दल

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने एक बार फिर हाथ मिला लिया है. मंगलवार (24 नवंबर) को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया. खास बात यह है कि दोनों दलों ने इस घोषणा के लिए गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व का दिन चुना. करीब छह साल बाद दोनों पुराने सहयोगी एक बार फिर मिलकर चुनावी मैदान में उतरेंगे.

कब-कब साथ चुनाव लड़े बीजेपी और अकाली दल?

पंजाब की राजनीति में बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल लंबे समय तक सहयोगी रहे हैं. दोनों पार्टियों ने 1997, 2002, 2007, 2012 और 2017 के विधानसभा चुनाव मिलकर लड़े थे. इनमें से 1997, 2007 और 2012 में गठबंधन ने सरकार बनाई थी. वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल ने 56 और बीजेपी ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस के खाते में 46 सीटें आई थीं.

वहीं, 2017 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल को 15 और बीजेपी को तीन सीटों पर जीत मिली थी. अकाली दल को 25.4 फीसदी और बीजेपी को 5.40 फीसदी वोट मिले थे. उस चुनाव में कांग्रेस ने 38.8 फीसदी वोटों के साथ 77 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी, जबकि आम आदमी पार्टी ने 23.9 फीसदी वोट हासिल करते हुए 20 सीटों पर जीत दर्ज की थी.

अलग-अलग चुनाव लड़ने पर कैसा रहा दोनों दलों का प्रदर्शन?

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी और अकाली दल अलग-अलग चुनावी मैदान में उतरे थे. बीजेपी को 6.6 फीसदी वोटों के साथ दो सीटों पर जीत मिली थी, जबकि अकाली दल ने 18 फीसदी वोट हासिल करते हुए तीन सीटें जीती थीं. आम आदमी पार्टी ने करीब 42 फीसदी वोटों के साथ 92 सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाई थी. वहीं, कांग्रेस को करीब 23 फीसदी वोट और 18 सीटें मिली थीं.

इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी का वोट प्रतिशत बढ़कर करीब 18 फीसदी पहुंच गया, जबकि शिरोमणि अकाली दल को 13.4 फीसदी वोट मिले थे.

साल 2020 में क्यों टूटा था गठबंधन?

केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों और उनके खिलाफ शुरू हुए किसान आंदोलन के चलते बीजेपी और अकाली दल के रिश्तों में दरार आ गई थी. सितंबर 2020 में अकाली दल ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से अलग होने का फैसला किया था. कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से भी इस्तीफा दे दिया था.

बीजेपी के लिए क्यों अहम है अकाली दल का साथ?

पंजाब में बीजेपी के सामने अपने संगठन और जनाधार का विस्तार करने की चुनौती है. अकाली दल के साथ गठबंधन के जरिए बीजेपी को सिख बहुल विधानसभा क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में अपनी पहुंच बढ़ाने का अवसर मिल सकता है. इसके अलावा किसान समुदाय के बीच भरोसा मजबूत करना और शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण पंजाब में राजनीतिक पकड़ बढ़ाना भी पार्टी की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकता है.

अकाली दल के लिए क्यों महत्वपूर्ण है बीजेपी से गठबंधन?

पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में कमजोर प्रदर्शन के बाद शिरोमणि अकाली दल के सामने अपनी राजनीतिक साख और पुराने जनाधार को मजबूत करने की चुनौती है. बीजेपी के साथ आने से अकाली दल को शहरी मतदाताओं के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने का अवसर मिल सकता है. इसके साथ ही पंजाब की करीब 1.73 करोड़ ग्रामीण आबादी के बीच अपने पारंपरिक समर्थन को मजबूत करना भी अकाली दल के लिए महत्वपूर्ण होगा.

गठबंधन पर कांग्रेस ने साधा निशाना

बीजेपी और अकाली दल के गठबंधन पर पंजाब कांग्रेस के नेता परगट सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ”मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं, लेकिन मुख्य मुद्दे वहीं के वहीं हैं, किसानों के साथ जो हुआ उसे देखिए, पंजाब ने क्या कुछ झेला है, बादल परिवार ने क्या किया है, अवसरवादी राजनीति को मैं सिरे से खारिज करता हूं. ये लोग पंजाब की भलाई की परवाह कैसे कर सकते हैं?”

वहीं, कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा, ”हम तो इस दिन का इंतजार कर रहे थे. हमें पहले से पता था कि यह गठबंधन होने जा रहा है.”

अब सीट बंटवारे पर टिकी नजरें

बीजेपी और अकाली दल के दोबारा साथ आने से पंजाब विधानसभा चुनाव का राजनीतिक समीकरण बदल गया है. राज्य की 117 विधानसभा सीटों पर दोनों दल किस फॉर्मूले के तहत चुनाव लड़ेंगे, इसे लेकर अब सभी की नजरें सीट बंटवारे पर टिकी हैं. वहीं, सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की आगामी चुनावी रणनीति भी महत्वपूर्ण होगी.

संबंधित खबरें

पंजाब में 6 साल बाद फिर साथ आए BJP और अकाली दल, 2027 का चुनाव मिलकर लड़ेंगे

BREAKING: सपा ने कांग्रेस को दिया 26 सीटों का प्रस्ताव, सामने आई संभावित उम्मीदवार क्षेत्रों की लिस्ट

बाबा रामदेव के बयान से बढ़ेंगी मुश्किलें? पतंजलि के कारोबार पर पड़ सकता है असर

बाबा रामदेव के निशाने पर धीरेंद्र शास्त्री, क्या 2027 से पहले यूपी में खुल रहा है यादव-ब्राह्मण-ठाकुर राजनीति का नया मोर्चा?

6 साल की दूरी खत्म! पंजाब में फिर साथ आए BJP और अकाली दल, आज गठबंधन का ऐलान

Recommended Stories

पंजाब में 6 साल बाद फिर साथ आए BJP और अकाली दल, 2027 का चुनाव मिलकर लड़ेंगे

BREAKING: सपा ने कांग्रेस को दिया 26 सीटों का प्रस्ताव, सामने आई संभावित उम्मीदवार क्षेत्रों की लिस्ट

बाबा रामदेव के बयान से बढ़ेंगी मुश्किलें? पतंजलि के कारोबार पर पड़ सकता है असर

बाबा रामदेव के निशाने पर धीरेंद्र शास्त्री, क्या 2027 से पहले यूपी में खुल रहा है यादव-ब्राह्मण-ठाकुर राजनीति का नया मोर्चा?

6 साल की दूरी खत्म! पंजाब में फिर साथ आए BJP और अकाली दल, आज गठबंधन का ऐलान