तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम दीपाथून विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है. शीर्ष अदालत ने शनिवार (28 नवंबर 2026) को दीपाथून पर दीपम जलाने का निर्देश देते हुए मंदिर के ट्रस्टियों को निलंबित कर दिया है. इसके साथ ही तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP) समेत 15 लोगों को अवमानना नोटिस जारी किया गया है. कोर्ट ने संबंधित अधिकारियों से 20 नवंबर को दिए गए अपने आदेश की कथित रूप से जानबूझकर अवहेलना करने पर जवाब मांगा है. मंदिर की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को सौंपने का भी निर्देश दिया गया है.
मुख्य सचिव और DGP समेत 15 लोगों को अवमानना नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के अलावा हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग (HR&CE) के सचिव और आयुक्त, मदुरै के जिला कलेक्टर, पुलिस आयुक्त, पुलिस अधीक्षक, मंदिर प्रशासन और अन्य संबंधित लोगों को अवमानना नोटिस जारी किया है. अदालत ने इन सभी से अपने पिछले आदेश का पालन नहीं किए जाने के आरोपों पर जवाब मांगा है.
CRPF के जिम्मे होगी मंदिर की सुरक्षा
शीर्ष अदालत ने शनिवार को दीपाथून पर दीपम जलाने के अपने निर्देश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल को सौंपने का आदेश दिया है. चेन्नई में तैनात CRPF के कमांडेंट मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे.
मंदिर ट्रस्ट बोर्ड पर सुप्रीम कोर्ट ने जताई कड़ी नाराजगी
सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर के ट्रस्ट बोर्ड के रवैये पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि बोर्ड कभी अदालत के सामने पेश ही नहीं हुआ. बोर्ड की ओर से दिया गया बयान प्रथमदृष्टया सुप्रीम कोर्ट के अधिकार और उसके आदेशों का अपमान करने जैसा है.
अदालत ने कहा कि मंदिर की परंपराओं का हवाला देते हुए ट्रस्ट बोर्ड की ओर से प्रस्ताव पारित करना और इसके बावजूद दीपम नहीं जलाया जाना प्रथमदृष्टया न्यायालय के आदेश की जानबूझकर और खुले तौर पर अवहेलना को दर्शाता है. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि आदेशों का जानबूझकर उल्लंघन करने के मामलों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.
‘कोर्ट का आदेश बातचीत या मोलभाव का न्योता नहीं’
सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि इस अदालत का कोई भी आदेश बातचीत या मोलभाव करने का निमंत्रण नहीं होता है. जब शीर्ष अदालत कोई आदेश जारी करती है, तो वह संविधान से प्राप्त अधिकारों के तहत ऐसा करती है। सभी संबंधित अधिकारियों और संस्थाओं के लिए उस आदेश का पालन करना अनिवार्य है.
अदालत ने कहा कि जब तक सुप्रीम कोर्ट स्वयं अपने आदेश को रद्द नहीं करता या उसमें बदलाव नहीं करता, तब तक वह सभी संबंधित पक्षों पर बाध्यकारी रहता है. जिन अधिकारियों पर न्यायालय के आदेशों को लागू करने की जिम्मेदारी है, यदि वे ऐसा नहीं करते हैं तो यह संवैधानिक व्यवस्था और कानून के शासन में सीधी बाधा है.
‘अब ऐसी स्थिति से सख्ती से निपटने का समय आ गया है’
शीर्ष अदालत ने अवमानना कानून (Contempt of Courts Act) का उल्लेख करते हुए कहा कि न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन करने वालों को दंडित करने की शक्ति उसके पास है. आवश्यकता पड़ने पर अदालत इस शक्ति का इस्तेमाल करने से पीछे नहीं हटेगी.
सुप्रीम कोर्ट ने पूरे घटनाक्रम पर अफसोस जाहिर करते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखकर सबसे पहले उसके मन में ‘अफसोस’ शब्द आता है. अदालत ने चेतावनी दी कि यदि ऐसी परिस्थितियों से सख्ती से नहीं निपटा गया तो देश की संवैधानिक व्यवस्था के सामने संकट पैदा हो सकता है.
सुप्रीम कोर्ट ने संविधान के अनुच्छेद 144 का दिया हवाला
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक समाज में कानून का राज बेहद जरूरी है. संविधान की प्रस्तावना में भारत के लोगों ने सभी नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है. अदालत ने संविधान के अनुच्छेद 144 का हवाला देते हुए कहा कि देश के सभी नागरिक और न्यायिक प्राधिकारियों का दायित्व है कि वे सुप्रीम कोर्ट की सहायता करें. इस संवैधानिक जिम्मेदारी को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कमजोर करने की किसी भी कोशिश को सख्ती से रोका जाना चाहिए.
शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति कितना ही बड़ा या प्रभावशाली क्यों न हो, यदि वह न्यायिक प्रक्रिया को दूषित करने या प्रभावित करने का प्रयास करता है, तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.


