मोदी कैबिनेट बैठक में 5 बड़े ऐलान, सिलचर को मिलेगा नया एयरपोर्ट, ₹19,934 करोड़ की सौगात

कैबिनेट बैठक में 5 बड़े फैसलों पर मुहर लगी. सिलचर में नए एयरपोर्ट के साथ कुल ₹19,934 करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है.
मोदी कैबिनेट बैठक
मोदी कैबिनेट बैठक में 5 बड़े ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार (25 नवंबर) को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में देश के बुनियादी ढांचे, घरेलू मैन्युफैक्चरिंग और डाक सेवाओं को मजबूत करने के लिए पांच महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. इन परियोजनाओं और योजनाओं की कुल लागत 19,934 करोड़ रुपये है. कैबिनेट ने असम में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, तमिलनाडु में दूसरे कंटेनर टर्मिनल, निर्माण उपकरणों के घरेलू उत्पादन और डाक विभाग के आधुनिकीकरण से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी है.

1. निर्माण उपकरणों के घरेलू उत्पादन के लिए 11,000 करोड़ की योजना

केंद्रीय कैबिनेट ने कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट (CIE) यानी निर्माण और बुनियादी ढांचे से जुड़े उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है. यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक आठ वर्षों के लिए लागू रहेगी.

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि भारत का CIE उद्योग दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा उद्योग है. वित्त वर्ष 2024-25 में इसका बाजार करीब 97,000 करोड़ रुपये का था. हालांकि, इस क्षेत्र की लगभग 45 प्रतिशत जरूरतें आयात के माध्यम से पूरी होती हैं.

सरकार का उद्देश्य आधुनिक निर्माण उपकरणों के क्षेत्र में घरेलू उत्पादन क्षमता बढ़ाना और विदेशी आयात पर निर्भरता कम करना है. योजना के तहत टनल बोरिंग मशीन, ऑफ-हाईवे ट्रक, एक्सकेवेटर, क्रेन, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीन समेत सात प्रकार के उपकरणों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इनका इस्तेमाल सड़क, पुल, सुरंग और अन्य बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में किया जाता है.

2. कामराजार पोर्ट पर बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल

तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट लिमिटेड (KPL) में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के निर्माण को भी कैबिनेट ने हरी झंडी दे दी है. करीब 4,288 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा. इसमें डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण (DBFOT) की व्यवस्था होगी.

नया कंटेनर टर्मिनल 111 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा, जिसकी वार्षिक क्षमता 20 लाख TEUs (ट्वेंटी-फुट इक्विवेलेंट यूनिट) होगी। टर्मिनल का बर्थ 900 मीटर लंबा और 30 मीटर चौड़ा होगा. यहां 400 मीटर तक लंबे और 24,346 TEUs क्षमता वाले बड़े कंटेनर जहाजों का संचालन किया जा सकेगा.

परियोजना की रियायत अवधि 40 वर्ष निर्धारित की गई है. इसके निर्माण से बंदरगाह की माल ढुलाई क्षमता बढ़ने के साथ अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है.

3. असम के सिलचर में बनेगा 2,014 करोड़ का ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट

केंद्र सरकार ने असम के सिलचर स्थित डोलू इलाके में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. इस परियोजना पर 2,014 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसका पूरा वित्तीय भार भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) अपने आंतरिक संसाधनों से उठाएगा. नए एयरपोर्ट की क्षमता व्यस्त समय में प्रति घंटे 800 यात्रियों को संभालने की होगी, इसमें 400 आगमन और 400 प्रस्थान करने वाले यात्री शामिल होंगे। एयरपोर्ट की सालाना यात्री क्षमता 10.1 लाख होगी.

वर्तमान में सिलचर का एयरपोर्ट भारतीय वायुसेना के स्वामित्व में है, जहां AAI करीब 70 एकड़ क्षेत्र में सिविल एन्क्लेव संचालित करती है. सीमित भूमि उपलब्ध होने के कारण मौजूदा एयरपोर्ट का विस्तार करना मुश्किल है. नए एयरपोर्ट के निर्माण से बराक घाटी और पूर्वोत्तर के आसपास के क्षेत्रों में हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होगी. साथ ही पर्यटन, स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है.

4. डाकघरों के आधुनिकीकरण पर खर्च होंगे 1,141 करोड़ रुपये

देशभर में डाक सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कैबिनेट ने अगले पांच वर्षों में 1,141 करोड़ रुपये खर्च करने की मंजूरी दी है. इस योजना के तहत ग्रामीण डाकघरों की सुविधाओं में सुधार, मेल और पार्सल की डिलीवरी से जुड़ी लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को मजबूत करने तथा सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा. डाक विभाग के नेटवर्क को आधुनिक बनाने से ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले नागरिकों को अधिक प्रभावी और बेहतर डाक सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

5. डाक विभाग की इमारतों और कर्मचारी आवासों का होगा नवीनीकरण

केंद्रीय कैबिनेट ने डाक विभाग की एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम को जारी रखने की भी मंजूरी दी है. इसके तहत वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक पांच वर्षों में 1,491 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. योजना के अंतर्गत नए डाकघरों का निर्माण, पुरानी इमारतों का नवीनीकरण और देशभर के डाकघरों में एक समान ब्रांडिंग सुनिश्चित की जाएगी. इसके अलावा कर्मचारियों के आवासों की मरम्मत और विभाग की ऐतिहासिक इमारतों के संरक्षण का काम भी किया जाएगा.

सरकार का उद्देश्य डाकघरों को पार्सल बुकिंग, अंतिम छोर तक डिलीवरी, वित्तीय समावेशन और नागरिकों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाने के प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित करना है. इस योजना को डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्यों के अनुरूप तैयार किया गया है.

संबंधित खबरें

मोदी कैबिनेट बैठक में 5 बड़े ऐलान, सिलचर को मिलेगा नया एयरपोर्ट, ₹19,934 करोड़ की सौगात

पुणे: कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े खूनी खेल! पहले फायरिंग, फिर धारदार हथियारों से हमला, VIDEO

चुनाव से पहले ही टूट गई ‘दो लड़कों’ की जोड़ी? CM योगी ने सपा-कांग्रेस पर कसा तंज

प्रोटीन से भरपूर खाद्य पदार्थों पर महंगाई की मार, दाल से लेकर दूध-अंडे तक महंगे, बिगड़ा आम आदमी की थाली का बजट

गुजरात के सूरत मे एक ही परिवार के 6 लोगों को नहर में फेंक दिया, तीन की मौत, 2 लापता

Recommended Stories

मोदी कैबिनेट बैठक में 5 बड़े ऐलान, सिलचर को मिलेगा नया एयरपोर्ट, ₹19,934 करोड़ की सौगात

पुणे: कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े खूनी खेल! पहले फायरिंग, फिर धारदार हथियारों से हमला, VIDEO

चुनाव से पहले ही टूट गई ‘दो लड़कों’ की जोड़ी? CM योगी ने सपा-कांग्रेस पर कसा तंज

प्रोटीन से भरपूर खाद्य पदार्थों पर महंगाई की मार, दाल से लेकर दूध-अंडे तक महंगे, बिगड़ा आम आदमी की थाली का बजट

गुजरात के सूरत मे एक ही परिवार के 6 लोगों को नहर में फेंक दिया, तीन की मौत, 2 लापता