महाराष्ट्र के पुणे में दिनदहाड़े जिला अदालत के बाहर एक युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है. अज्ञात हमलावरों ने युवक पर कई राउंड फायरिंग करने के बाद धारदार हथियारों से हमला कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
बीच सड़क पर युवक को घेरकर किया हमला
वायरल वीडियो में कथित तौर पर दिखाई दे रहा है कि हमलावरों ने बीच सड़क पर युवक को चारों तरफ से घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. गोली लगने के बाद भी आरोपी नहीं रुके और उन्होंने धारदार हथियारों से युवक पर हमला कर दिया. अचानक हुई इस वारदात से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई.
स्कूटी पर सवार होकर फरार हुए हमलावर
वीडियो में दो अन्य युवक स्कूटी लेकर घटनास्थल पर पहले से खड़े दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद उन्हीं स्कूटियों पर सवार होकर फरार हो गए.
गंभीर चोटों के कारण युवक ने तोड़ा दम
जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद युवक ने कुछ दूरी तक चलने की कोशिश की, लेकिन चोटों के कारण वह ज्यादा दूर नहीं जा सका और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश जारी
जिला अदालत के बाहर हुई हत्या की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की. पुलिस वायरल वीडियो और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर फरार हमलावरों की पहचान करने में जुटी है. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है.


