आज IPL सीजन का 7वां मैच Chennai Super Kings और Punjab Kings के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला MA Chidambaram Stadium यानि चेपॉक में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। पंजाब अपना पहला मैच जीत चुकी है, जबकि चेन्नई को पिछले मैच में हार का सामना करना पड़ा था।
हेड-टू-हेड में कांटे की टक्कर
दोनों टीमों के बीच अब तक 33 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें CSK ने 17 और PBKS ने 16 मैच जीते हैं। पिछले सीजन दोनों मैचों में पंजाब ने जीत हासिल की थी। चेपॉक में दोनों टीमें 9 बार आमने-सामने हुईं, चेन्नई को 4 और पंजाब को 5 बार जीत मिली। यहां पिछले तीनों मैच PBKS ने ही जीते।
धोनी और ब्रेविस बाहर
CSK के लिए बड़ी चिंता यह है कि MS Dhoni और डेवाल्ड ब्रेविस इस मैच में भी नहीं खेलेंगे। ब्रेविस साइड स्ट्रेन से जूझ रहे हैं, जबकि धोनी मांसपेशियों की चोट के कारण रिहैब में हैं।
पंजाब की मजबूत फॉर्म
पंजाब किंग्स के लिए कूपर कोनोली ने पिछले मैच में शानदार अर्धशतक लगाकर टीम को जीत दिलाई थी। गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल और विजयकुमार वैशाख ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिससे टीम संतुलित नजर आ रही है।
CSK की कमजोर शुरुआत
CSK के लिए सीजन की शुरुआत निराशाजनक रही है। बैटिंग और बॉलिंग दोनों ही विभाग पहले मैच में फीके रहे, जिससे टीम पर दबाव बढ़ गया है। बता दें चेन्नई का गेम पिछले मैचों से ही काफी खराब स्थिति में चल रहा है तो ऐसे में उनके लिए चुनौतियां ज्यादा बढ़ती जा रही हैं।
चेपॉक पिच का हाल
चेपॉक की पिच स्पिनर्स के लिए मददगार मानी जाती है। शुरुआत में बल्लेबाजी आसान होती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच धीमी हो जाती है और स्पिनर्स का दबदबा बढ़ जाता है।
जीत की तलाश में दोनों टीमें
दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। CSK जहां वापसी करना चाहेगी, वहीं PBKS अपनी जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी। ऐसे में एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।
दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11
चेन्नई सुपर किंग्स: संजू सैमसन, ऋतुराज गायकवाड, आयुष म्हात्रे, मैट शॉर्ट, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, जैमी ओवरटन, नूर अहमद, मैट हेनरी, अंशुल कंबोज, खलील अहमद, सरफराज खान।
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कॉनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वाधेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोयनिस, मार्को यानसन, जैवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, प्रियांश आर्या।








