नई दिल्ली: दिल्ली के ओखला फेज-1 इलाके में कम्युनिटी हॉल के पास बुधवार को सिलेंडर ब्लास्ट से हड़कंप मच गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। ब्लास्ट की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य जारी है। हादसा इतना तेज था कि आसपास की इमारतों के शीशे भी टूट गए।
गाड़ी से सिलेंडर उतारने के दौरान हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई सिलेंडर एक गाड़ी में लादकर लाए गए थे और उन्हें उतारा जा रहा था। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासी संजय कश्यप ने बताया कि एक बड़ा सिलेंडर फटने से हादसा हुआ। उन्होंने दावा किया कि ब्लास्ट में दो लोगों की मौत हुई है और करीब 3-4 लोग घायल हुए हैं। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर हैं। हादसे की वजह और सिलेंडर से जुड़े सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।