दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके में एक स्कूल के अंदर 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा की आग से झुलसने के बाद मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां छात्रा गार्ड रूम के पीछे जली हुई हालत में मिली. पुलिस को छात्रा के बैग से तीन पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है. मामले की जांच की जा रही है.
बैग से मिला तीन पन्नों का सुसाइड नोट
पुलिस के अनुसार, छात्रा के बैग से तीन पन्नों का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नोट में छात्रा ने अपने एक दोस्त के किसी दूसरी लड़की से बातचीत करने का जिक्र किया है. हालांकि, घटना के पीछे की परिस्थितियों और सुसाइड नोट में लिखी बातों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
दिल्ली पुलिस को स्कूल परिसर में आग लगने की सूचना मिली थी. पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची, तो छात्रा गार्ड रूम के पीछे वाले हिस्से में जली हुई अवस्था में मिली. उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम से भी जांच कराई गई है. छात्रा के बैग से कुछ ज्वलनशील पदार्थ मिलने की बात भी सामने आई है.
घटनास्थल पर पहुंचे मंत्री आशीष सूद
घटना की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद भी स्कूल पहुंचे. वहीं, पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. जांच में सुसाइड नोट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाएगा.
मौके पर पहुंची टीम ने शुरू की जांच
घटनास्थल का मुआयना करने और जरूरी साक्ष्य जुटाने के लिए क्राइम टीम को बुलाया गया. पुलिस घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है. मामले में आगे की पूछताछ भी जारी है. इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को कृष्णा नगर थाने में एक स्कूल परिसर में आग लगने की सूचना देने वाली पीसीआर कॉल मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्कूल पहुंची, जहां करीब 18 वर्षीय 12वीं की छात्रा गार्ड रूम के पीछे जली हुई अवस्था में मिली. घटनास्थल से कुछ सामग्री के साथ छात्रा का स्कूल बैग भी बरामद किया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.