बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी के दौरान एक दुखद घटना सामने आई है. पटना के बाढ़ अनुमंडल स्थित नदवां गांव में आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता देखने पहुंचे एक शख्स की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि आयोजन स्थल पर भारी भीड़ के बीच अचानक एक व्यक्ति बेहोश हो गया. आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान नदवां निवासी अरविंद कुमार के रूप में हुई है. वह बुधवार (25 नवंबर) को घुड़दौड़ प्रतियोगिता देखने पहुंचे थे.
हाईटेंशन टावर पर चढ़े लोग, बीच में रोकनी पड़ी घुड़दौड़
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी पटना से सटे बिहटा के रहने वाले ऋषिकेश सिंह के साथ संपन्न हुई. विवाह समारोह के अवसर पर आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी रही. बुधवार को रेस देखने के लिए इतनी भारी संख्या में लोग पहुंचे कि आयोजन स्थल पर अव्यवस्था फैल गई.
घुड़दौड़ देखने के लिए कई लोग 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गए. किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए आयोजकों को सुरक्षा कारणों से प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बीच में ही रोकना पड़ा.
बेटी की शादी में अनंत सिंह का शक्ति प्रदर्शन
अनंत सिंह की बेटी की शादी में भव्य इंतजाम देखने को मिले. विवाह समारोह में पहले से ही चार से पांच लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई गई थी। बिहार के अलावा दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग नदवां पहुंचे. दूल्हे ऋषिकेश सिंह 151 गाड़ियों के काफिले के साथ विवाह स्थल पर पहुंचे, जबकि कई वीआईपी मेहमान हेलीकॉप्टर से शादी में शामिल होने आए. इस भव्य आयोजन को अनंत सिंह के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है.
10 किलोमीटर लंबा लगा जाम, विधानसभा अध्यक्ष समेत कई VIP फंसे
विवाह समारोह में उमड़ी भारी भीड़ के कारण नदवां जाने वाली सड़कों पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई. करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लगने से आम लोगों के साथ-साथ कई वीआईपी मेहमानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. बिहार विधानसभा के अध्यक्ष समेत कई विशिष्ट अतिथि जाम में फंस गए और काफी मशक्कत के बाद विवाह समारोह में पहुंच सके.
आज घुड़दौड़ का फाइनल, विजेता को मिलेगी थार
बुधवार को स्थगित हुई घुड़दौड़ प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला गुरुवार (26 नवंबर) को आयोजित किया जाना है. प्रतियोगिता में जीत दर्ज करने वाले प्रतिभागी को पुरस्कार के तौर पर महिंद्रा थार गाड़ी दी जाएगी. आयोजन के दौरान एक व्यक्ति की मौत और भारी अव्यवस्था सामने आने के बाद भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं.


