FBI की टॉप-10 मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल हुआ गैंगस्टर गोल्डी बराड़, कनाडा में करोड़ो का इनाम

गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को FBI की टॉप-10 मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल किया गया है. उसकी गिरफ्तारी के लिए करोड़ों रुपये के इनाम की चर्चा है और कनाडा में भी उसकी तलाश जारी है.
गैंगस्टर गोल्डी बराड़
गैंगस्टर गोल्डी बराड़

अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को अपनी टॉप-10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया है. एजेंसी के मुताबिक, गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध गिरोह का उत्तरी अमेरिका में कथित प्रमुख है. उस पर अमेरिका और कनाडा में हत्या, अपहरण, फिरौती और अन्य गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं.

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नेटवर्क पर FBI के गंभीर आरोप

FBI के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह पर राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों की हत्या, गोलीबारी, अपहरण और जबरन वसूली जैसे अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं. इसके अलावा संगठन पर मानव तस्करी और ड्रग्स तथा हथियारों की तस्करी के भी आरोप लगाए गए हैं. अमेरिकी एजेंसी ने गोल्डी बराड़ को इस अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क का कथित प्रमुख सदस्य बताया है.

कनाडा की मोस्ट वांटेड लिस्ट में भी पहले नंबर पर गोल्डी बराड़

कनाडा के सार्वजनिक सुरक्षा संगठन BOLO प्रोग्राम ने भी गोल्डी बराड़ को 25 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में शीर्ष स्थान पर रखा है. कनाडाई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 32 वर्षीय बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने पर 2.5 लाख कनाडाई डॉलर, यानी करीब 1.5 करोड़ रुपये तक का इनाम घोषित किया गया है. यह इनाम कनाडा या अमेरिका में गिरफ्तारी से जुड़ी सूचना पर दिया जाएगा.

सुखा दुनेके हत्याकांड में तलाश रही विन्निपेग पुलिस

विन्निपेग पुलिस गोल्डी बराड़ को 39 वर्षीय सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुखा दुनेके की हत्या के मामले में तलाश रही है. 20 सितंबर 2023 को कनाडा के विन्निपेग स्थित हेजलटन ड्राइव के एक मकान में सुखा दुनेके का शव मिला था. पुलिस गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची थी. बराड़ पर हत्या और हत्या की साजिश रचने के आरोप हैं. पुलिस अन्य हत्याओं से उसके संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है.

2017 में छात्र वीजा पर कनाडा गया था गोल्डी बराड़

पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले का रहने वाला गोल्डी बराड़ वर्ष 2017 में छात्र वीजा पर कनाडा पहुंचा था. भारतीय जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के साथ-साथ बराड़-रोहित गोदारा-काला जठेड़ी नेटवर्क से भी जुड़ा रहा है.

अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन हार्डबॉल’ में भी उसका नाम सामने आया था. अब FBI की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किए जाने के बाद उसकी तलाश को लेकर अमेरिकी और कनाडाई एजेंसियों की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है.

संबंधित खबरें

बिहार को PM मोदी की बड़ी सौगात, 4280 करोड़ के नीतीश सेतु का किया उद्घाटन, वैशाली से विपक्ष पर भी साधा निशाना

संन्यास की राह पर मां से दूर हुए योगी, आखिरी मुलाकात में छलक उठीं भावनाएं

मां को अंतिम प्रणाम…! सीएम योगी ने की भगवान राम से प्रार्थना

पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार ने किया PM मोदी का स्वागत, फिर किया ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन

CM योगी की मां सावित्री देवी का हरिद्वार के चंडीघाट पर अंतिम संस्कार

Recommended Stories

बिहार को PM मोदी की बड़ी सौगात, 4280 करोड़ के नीतीश सेतु का किया उद्घाटन, वैशाली से विपक्ष पर भी साधा निशाना

संन्यास की राह पर मां से दूर हुए योगी, आखिरी मुलाकात में छलक उठीं भावनाएं

मां को अंतिम प्रणाम…! सीएम योगी ने की भगवान राम से प्रार्थना

पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार ने किया PM मोदी का स्वागत, फिर किया ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन

CM योगी की मां सावित्री देवी का हरिद्वार के चंडीघाट पर अंतिम संस्कार