हिमाचल प्रदेश में कारोबार और नाइट इकॉनमी को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने एक अहम फैसला लिया है। सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, अब प्रदेशभर में बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान 24 घंटे खुले रह सकेंगे। इस व्यवस्था को फिलहाल एक साल के लिए लागू किया गया है।
सरकार के इस कदम से पर्यटन कारोबार को बड़ा सहारा मिलने की उम्मीद है, क्योंकि हिमाचल आने वाले सैलानी देर रात तक खरीदारी और खानपान का लुत्फ उठा सकेंगे। इसके साथ ही रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
यह छूट किन शर्तों के साथ लागू होगी और इसका पालन कैसे किया जाएगा, इसे लेकर स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। सरकार के इस फैसले से दुकानदारों और व्यापारियों में खुशी का माहौल है।