न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में टीम इंडिया को जीत तो मिल गई, लेकिन इस जीत के लिए भारतीय बल्लेबाजों को काफी संघर्ष करना पड़ा. महज 135 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की हालत ऐसी हो गई कि 26 ओवर में ही 7 विकेट गिर गए. भारत का स्कोर उस समय 113 रन था और जीत के लिए 22 रनों की जरूरत थी. तभी बारिश ने मुकाबले में खलल डाल दिया. आखिरकार डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम के तहत भारत को 4 रन से विजेता घोषित कर दिया गया.
बारिश के कारण जब खेल रोका गया, तब केएल राहुल 26 रन बनाकर और आकिब नबी 1 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे. भारत DLS के निर्धारित स्कोर से 4 रन आगे था. ऐसे में मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो पाने के कारण अंपायरों ने DLS नियम के आधार पर नतीजा घोषित किया और भारतीय टीम ने 4 रन से मैच अपने नाम कर लिया.
इससे पहले बारिश के चलते मुकाबले को 47-47 ओवर का कर दिया गया था. पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी और 41 ओवर में 134 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल ने सबसे ज्यादा 55 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 2 छक्के लगाए. कप्तान मिचेल सेंटनर ने भी 31 रनों का योगदान दिया. इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज 15 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका.
भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा. गुरनूर बरार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए. वहीं आकिब नबी, अंशुल कंबोज और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट हासिल किए. भारतीय गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही.
135 रनों के आसान दिखने वाले लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। 26 ओवर तक भारत ने 7 विकेट गंवा दिए थे और स्कोर 113 रन तक ही पहुंच पाया था. एक समय मुकाबला रोमांचक स्थिति में पहुंच गया था. भारत को जीत के लिए 22 रन बनाने थे, जबकि उसके पास केवल 3 विकेट शेष थे। इसी बीच बारिश शुरू हो गई और मैच आगे नहीं खेला जा सका.
बारिश रुकने का इंतजार किया गया, लेकिन मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो सका. उस समय भारतीय टीम DLS नियम के तहत जरूरी स्कोर से 4 रन आगे थी। इसी आधार पर भारत को विजेता घोषित कर दिया गया. इस तरह भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा वनडे मुकाबला 4 रन से जीत लिया. हालांकि, 135 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए जिस तरह भारतीय बल्लेबाजी बिखरी, उसने टीम की कमजोरियों को भी उजागर कर दिया.


