उत्तर प्रदेश के कैबिनेट बैठक में आज एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर मुहर लगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतमबुद्धनगर स्थित जेवर हवाई अड्डे का नाम बदलने का ऐलान किया है. अब जेवर एयरपोर्ट का नाम बदल कर नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट नाम से जाना जायेगा सीएम योगी ने कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस वार्ता में इस फैसले का ऐलान किया. सीएम योगी ने बताया की कैबिनेट में सभी के मत से जेवर एयरपोर्ट का नाम बदलने का प्रस्ताव पारित हुआ हैं. अब इस एयरपोर्ट को पीएम नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नाम से जाना जायेगा. यह फ़ैसला प्रधानमंत्री मोदी के राजनैतिक जीवन के 25 साल पुरे होने पर लिया गया है.
नरेंद्र मोदी के नाम पर होगा एयरपोर्ट का नाम
उत्तर प्रदेश सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद, राज्य को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) का तोहफा देने के लिए प्रधानमंत्री की आभारी है, यह उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट और भविष्य में देश का सबसे बड़ा एविएशन हब बनने जा रहा है, इसी के चलते, मंत्रिपरिषद ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नोएडा-जेवर’ करने का प्रस्ताव भी पास किया है.”
डबल इंजन की मदद से यूपी प्रगति के राह पर-सीएम योगी
कैबिनेट फैसले के बारे में बताते हुए सीएम योगी ने आगे कहा, “डबल इंजन सरकार के प्रभावी समन्वय से उत्तर प्रदेश अभूतपूर्व प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है, सर्व विदित है कि 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश प्रशासनिक शिथिलता, जन-जन में असुरक्षा की भावना और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा था, प्रधानमंत्री के लंबे प्रशासनिक अनुभवों, दूरदर्शिता से प्रेरणा लेकर उत्तर प्रदेश ने शासन की नई कार्य संस्कृति को अपनाया.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी सोच के आभारी-सीएम योगी
आगे सीएम योगी ने कहा- “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है. प्रदेश मंत्रिपरिषद ने राज्य के विकास को निरंतर प्राथमिकता देने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया. उनकी दूरदर्शी सोच के तहत उत्तर प्रदेश में विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचे और कनेक्टिविटी का विस्तार हुआ है. प्रदेश में लगभग 60 हजार करोड़ रुपये की लागत से 2,483 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया गया है.”