कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में दीपावली के दिन एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं, रविवार सुबह पनकी थाना क्षेत्र के पनकी पड़ाव इलाके में एक मकान के दो कमरों की छत अचानक ढह गई. हादसे के समय घर के अंदर सो रहे परिवार के सदस्य मलबे में दब गए. इस दुर्घटना में 15 दिन के नवजात समेत तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
सुबह सोते समय अचानक ढही मकान की छत
जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच हुआ. परिवार के लोग घर के कमरों में सो रहे थे, तभी अचानक छत भरभराकर नीचे गिर गई. छत गिरने से कमरे में मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वे मलबे के नीचे दब गए. घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया. पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की.
15 दिन के नवजात समेत तीन लोगों की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विनोदिनी शुक्ला (68), अंशिका शुक्ला (28) और 15 दिन के नवजात आरव शुक्ला के रूप में हुई है. वहीं, हर्ष शुक्ला (32) को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है.
सभी घायलों को कल्याणपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया. दीपावली के दिन एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से घर में चीख-पुकार मच गई. त्योहार की तैयारियों और खुशियों के बीच अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.
पुलिस और SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एसएम कासिम आबिदी ने समाचार एजेंसी को बताया कि मकान की छत गिरने के बाद आसपास के लोगों ने शोर सुनकर राहत और बचाव कार्य में मदद की. सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राज्य आपदा मोचक बल (SDRF) को भी बुलाया गया. पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाला गया. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मकान की छत किन परिस्थितियों में गिरी, इसकी जांच की जा रही है.


