CG News : छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का सघन अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में कांकेर ज़िले में आज सुबह एक बड़ी मुठभेड़ हुई, जिसमें तीन माओवादी ढेर हो गए। कांकेर पुलिस अधीक्षक आईके अलिसेला ने जानकारी दी कि त्रियारपानी इलाके में कांकेर और गरियाबंद की जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन (तलाशी अभियान) चलाया था।
14 लाख के थे इनामी
इस दौरान जंगल में माओवादियों के साथ मुठभेड़ हो गई, जिसमें तीन माओवादी मारे गए। प्रारंभिक जाँच में इनकी पहचान श्रवण, राजेश और बसंती के रूप में हुई है। घटनास्थल से तीन हथियारों के साथ-साथ अन्य सामान भी बरामद किया गया है। बताया गया है कि इन तीनों पर कुल मिलाकर 14 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
बढ़ेगी अभियानों की गति
यह मुठभेड़ उस इलाके में हुई जो ओडिशा से छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाला एक अहम मार्ग है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में सीमावर्ती इलाकों में ऐसे संयुक्त अभियानों की गति और तेज़ की जाएगी, ताकि माओवादियों की गतिविधियों पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सके।
इस कार्रवाई को सुरक्षा बलों की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे नक्सल प्रभावित इलाकों में माओवादियों के नेटवर्क को कमज़ोर करने में मदद मिलेगी। अधिकारियों का कहना है कि अभियान जारी रहेगा और भविष्य में भी ऐसी सघन कार्रवाई के माध्यम से नक्सल प्रभाव वाले क्षेत्रों में शांति और स्थिरता कायम करने का प्रयास लगातार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : प्रशांत किशोर का बड़ा खुलासा: फंडिंग का हिसाब पेश किया, अशोक और सम्राट चौधरी पर गंभीर आरोप









