लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परिसर में मंगलवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग एयरपोर्ट परिसर के लेबर कैंप में लगी, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. आग की लपटें और आसमान में उठता काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दिया. आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. एयरपोर्ट के सुरक्षा कर्मियों के साथ सरोजनी नगर पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद रही. राहत की बात यह है कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
खाना बनाते समय आग लगने की जानकारी
शुरुआती जानकारी के अनुसार, लेबर कैंप में खाना बनाते समय आग लगने की बात सामने आई है. आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। दमकल विभाग और संबंधित अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं.
दमकल कर्मियों ने आग पर पाया काबू
फायर स्टेशन प्रभारी सुमित सिंह के मुताबिक, दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया. आग के बाद इलाके में काफी देर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देता रहा.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना के बाद आग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एयरपोर्ट परिसर से उठता धुएं का घना गुबार और आग की ऊंची लपटें दिखाई दे रही हैं. घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आग किन परिस्थितियों में लगी और इससे लेबर कैंप में कितना नुकसान हुआ है.