प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर बड़ा फैसला लिए जाने की खबर है. करीब 40 मिनट तक चली इस बैठक में संसद की आगामी कार्यवाही को लेकर चर्चा की गई. सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट ने परिसीमन विधेयक के साथ महिला आरक्षण से जुड़े संशोधन को भी मंजूरी दे दी है. आगामी 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक बुलाई गई है. इस दौरान सरकार दोनों विधेयकों को संसद से पारित कराने की कोशिश करेगी.
परिसीमन विधेयक के लिए सरकार ने जुटाया जरूरी समर्थन: सूत्र
परिसीमन विधेयक को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है. सूत्रों का दावा है कि केंद्र सरकार ने विधेयक को पारित कराने के लिए आवश्यक समर्थन जुटाने की तैयारी कर ली है. बताया जा रहा है कि सरकार ने विभिन्न राजनीतिक दलों से बातचीत करने के बाद लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से संसद की बैठक बुलाने का अनुरोध किया था. संसद की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है.
वहीं, विपक्षी दलों ने संसद की बैठक बुलाने के तरीके पर सवाल उठाए हैं. विपक्ष का आरोप है कि सरकार ने न तो विपक्षी दलों को विश्वास में लिया और न ही प्रस्तावित विधेयक की प्रति उपलब्ध कराई. महज चार दिन के नोटिस पर संसद की बैठक बुलाए जाने को लेकर भी विपक्ष ने आपत्ति जताई है.
शरद पवार और स्टालिन की पार्टियों से समर्थन मिलने की उम्मीद
परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी खेमे के कुछ राजनीतिक दलों के रुख में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के आठ सांसद विधेयक के समर्थन में मतदान कर सकते हैं. वहीं, एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके के 22 सांसदों का सशर्त समर्थन मिलने की भी संभावना जताई जा रही है.
सूत्रों का दावा है कि केंद्र सरकार के पक्ष में करीब 355 सांसदों का समर्थन हो सकता है. हालांकि, संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत का अंतिम आंकड़ा सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सांसदों की संख्या पर निर्भर करेगा.
‘परिसीमन बीजेपी की सबसे बड़ी भूल साबित होगा’- अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि परिसीमन बीजेपी की सबसे बड़ी भूल साबित होगा. वहीं, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने प्रस्तावित विधेयक को भारत की आत्मा पर हमला बताया. उन्होंने दावा किया कि सरकार के सभी राजनीतिक हथकंडे विफल होंगे और वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में जनता सरकार को जवाब देगी.
आम आदमी पार्टी ने किया विरोध का ऐलान
आम आदमी पार्टी ने भी परिसीमन विधेयक को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है. पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी हर हाल में इस विधेयक का विरोध करेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदी भाषी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर बीजेपी लंबे समय तक सत्ता में बने रहने की कोशिश कर रही है.
RJD सांसद सुरेंद्र यादव ने किया परिसीमन का समर्थन
विपक्षी दलों के विरोध के बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद सुरेंद्र यादव ने परिसीमन के पक्ष में बयान दिया है. उन्होंने कहा कि यदि परिसीमन के माध्यम से लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाई जाती है, तो वह इसका समर्थन करेंगे.


