भुवनेश्वर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नए डेटा सेंटर और साइबर सिक्योरिटी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का उद्घाटन किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह परियोजना ओडिशा के साथ-साथ पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी. पीएम मोदी ने विकास के प्रति सरकार की सोच पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि भुवनेश्वर नए भारत को एक नया संस्थान दे रहा है. उन्होंने इस परियोजना से जुड़े सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान बैंकिंग क्षेत्र में तकनीकी क्षमता और साइबर सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा.
भाषण की शुरुआत में पीएम मोदी ने ली चुटकी
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी हल्के-फुल्के अंदाज में भी नजर आए. भाषण की शुरुआत में उन्होंने सभागार के गंभीर माहौल को देखकर मजाकिया अंदाज में पूछा कि आखिर वातावरण इतना गंभीर क्यों है? क्या बैंकिंग और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में हमेशा इतना दबाव रहता है? इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों से सहज होकर बैठने और आराम महसूस करने की अपील की.
‘ओडिशा और देश के लोगों के लिए हितकारी होगा संस्थान’
पीएम मोदी ने कहा कि महाप्रभु के आशीर्वाद से भुवनेश्वर नए भारत को एक नया संस्थान दे रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह परियोजना ओडिशा और देश के लोगों के लिए लाभकारी साबित होगी.
“आज का कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि भारत में गवर्नेंस की अप्रोच कैसे बदल रही है और कितनी तेजी से बदल रही है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की विकास नीति में तीन प्रमुख बातों पर ध्यान दिया जा रहा है—विकास को प्राथमिकता देना, उसका विस्तार करना और उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना.
‘हमने विकास को लेकर सोच बदलने की कोशिश की’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आजादी के बाद देश में बड़े शहरों का विकास हुआ। बड़े अस्पताल, संस्थान और हवाई अड्डे बनाए गए, लेकिन देश का एक बड़ा हिस्सा लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं के इंतजार में रहा. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बड़े शहरों में बेहतर अस्पताल उपलब्ध थे, जबकि छोटे शहरों और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी. इसी तरह, हवाई यात्रा की सुविधा मुख्य रूप से बड़े शहरों तक सीमित थी. छोटे शहरों को हवाई संपर्क से जोड़ने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया. कई गांवों में सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी बड़ी चुनौती बनी हुई थीं. पीएम मोदी ने रेलवे स्टेशनों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि आम नागरिक की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्टेशनों पर भी लंबे समय तक आधुनिक सुविधाओं की कमी रही.
“विकास का लाभ देश के हर क्षेत्र और हर नागरिक तक समान रूप से पहुंचाना एक बड़ी चुनौती बना रहा। हमने इसी सोच को बदलने का प्रयास किया है।”
विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में समावेशी विकास और आम नागरिक को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल बड़े शहरों और संस्थानों का विस्तार करना नहीं, बल्कि देश के हर क्षेत्र और हर वर्ग तक इसका लाभ पहुंचाना है. RBI के नए डेटा सेंटर और साइबर सिक्योरिटी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का उद्घाटन इसी क्रम में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. यह पहल बैंकिंग क्षेत्र की तकनीकी जरूरतों और साइबर सुरक्षा से जुड़ी क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है.