पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 0623 की रविवार (15 नवंबर 2026) सुबह पुणे एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. उड़ान भरने के बाद विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं जा पाया था, जिसके चलते विमान को वापस पुणे एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला लिया गया. विमान में कुल 192 लोग सवार थे। राहत की बात यह है कि सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं.
एयरपोर्ट पर घोषित की गई फुल इमरजेंसी
तकनीकी खराबी की जानकारी मिलते ही पुणे एयरपोर्ट प्रशासन ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC), इंडिगो और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया. भारतीय वायु सेना (IAF) ने फुल इमरजेंसी घोषित कर दी. इसके बाद फायर सर्विस, एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया.
रनवे के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ाया गया विमान
सुरक्षा के मद्देनजर विमान को रनवे के ऊपर से कम ऊंचाई पर उड़ाया गया, ताकि लैंडिंग गियर की स्थिति का निरीक्षण किया जा सके. इसके बाद सुबह 9 बजकर 4 मिनट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. लैंडिंग के बाद तीन फायर फाइटिंग वाहनों और दो एम्बुलेंस की निगरानी में विमान को ‘बे नंबर 7’ तक पहुंचाया गया. इसके बाद एयरोब्रिज की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. विमान के सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर ATC ने फुल इमरजेंसी हटा ली.
बेंगलुरु से मंगाया जा रहा दूसरा विमान
प्रभावित यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के लिए इंडिगो वैकल्पिक व्यवस्था कर रही है. जानकारी के मुताबिक, एयरलाइन बेंगलुरु से पुणे के लिए दूसरा विमान मंगा रही है, ताकि यात्री अपनी आगे की यात्रा पूरी कर सकें.
एयरपोर्ट प्रशासन ने दिया बयान
पुणे एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि पूरे आपातकालीन ऑपरेशन को भारतीय वायु सेना, ATC, इंडिगो और अन्य संबंधित एजेंसियों के सहयोग से अंजाम दिया गया. इस दौरान यात्रियों और क्रू सदस्यों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई.
विमान में सवार सभी 192 लोग सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है. हालांकि, इस घटना को लेकर इंडिगो की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. लैंडिंग गियर में आई तकनीकी खराबी के मूल कारण की विस्तृत जानकारी भी सामने आना बाकी है.


