विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार को रूस की राजधानी मॉस्को में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-रूस संबंधों और आगामी BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर बातचीत हुई।
मुलाकात के बाद जयशंकर ने कहा कि भारत दिल्ली में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति पुतिन के स्वागत के लिए तैयार है। उन्होंने पुतिन से कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाओं के साथ अपनी बात शुरू करना चाहते हैं।
पुतिन को सौंपा पीएम मोदी का निजी संदेश
जयशंकर ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे अपनी शुभकामनाओं के साथ एक निजी संदेश दिया है, जिसे मैं आपको सौंपना चाहता हूं।” उन्होंने इस दौरान भारत और रूस के बीच हुई इंटरगवर्नमेंटल कमीशन की बैठक का भी जिक्र किया।
विदेश मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच हुई बैठक के बाद उनके पास साझा करने के लिए एक अच्छी रिपोर्ट है। उन्होंने कहा कि भारत और रूस के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई है।
BRICS समिट पर भी चर्चा
जयशंकर की पुतिन से मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब भारत आगामी BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी की तैयारी कर रहा है। बैठक में इस महत्वपूर्ण बहुपक्षीय मंच और भारत-रूस संबंधों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
जयशंकर और पुतिन की यह मुलाकात भारत-रूस के मजबूत रणनीतिक संबंधों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब सभी की नजर आगामी BRICS समिट पर है, जहां भारत रूस समेत अन्य सदस्य देशों के शीर्ष नेताओं की मेजबानी करेगा।