सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल 20वें दिन गंभीर, डॉक्टरों ने ऑर्गन फेलियर की चेतावनी दी।
नई दिल्ली: पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का जंतर-मंतर पर चल रहा अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल गुरुवार को 20वें दिन में पहुंच गया। लगातार उपवास के कारण उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही है। सीजेपी (Cockroach Janata Party) से जुड़े अभिजीत दीपके ने दावा किया कि वांगचुक की हालत बेहद गंभीर हो गई है और उनका वजन तेजी से घटने के कारण शरीर की हड्डियां तक साफ दिखाई देने लगी हैं।
दो बार गिरते-गिरते बचे, वीडियो हुए वायरल
अभिजीत दीपके के मुताबिक, गुरुवार को सोनम वांगचुक दो बार गिरते-गिरते बचे। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में वे मंच से नीचे उतरते समय साथियों का सहारा लेते नजर आए। वीडियो में उनकी चाल बेहद धीमी और लड़खड़ाती दिखाई दे रही है, जिससे उनकी बिगड़ती शारीरिक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
डॉक्टरों ने दी ऑर्गन फेलियर की चेतावनी
वांगचुक का इलाज कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि लंबे समय तक भोजन न करने के कारण उनकी सेहत बेहद नाजुक हो चुकी है। चिकित्सकों के अनुसार यदि जल्द कोई समाधान नहीं निकला तो इसका असर शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों पर पड़ सकता है और ऑर्गन फेलियर का खतरा भी बढ़ सकता है। इसके बावजूद सोनम वांगचुक ने साफ कर दिया है कि सरकार की ओर से ठोस आश्वासन मिलने तक वह अपना अनशन समाप्त नहीं करेंगे।
20 जुलाई के संसद मार्च में शामिल होने की अपील
सोनम वांगचुक ने अपने समर्थकों से 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आंदोलन को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी जरूरी है और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाना चाहिए।
हाई कोर्ट ने मांगी रोजाना स्वास्थ्य रिपोर्ट
वांगचुक की बिगड़ती सेहत को लेकर दायर जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई करते हुए दिल्ली हाई कोर्ट ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति की प्रतिदिन निगरानी की जाए। अदालत ने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तुरंत उचित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनकी जान को किसी तरह का खतरा न हो।
‘बिजनौर को अपशकुन बताने वाले नेता खुद अपशकुनी थे, हमें जिन्ना नहीं गन्ना चाहिए’, बोले CM योगी