बुधवार को जारी आईसीसी की ताज़ा रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ों को बड़ा फायदा हुआ है। मेलबर्न में खेले गए चौथे एशेज टेस्ट में पेसर्स के शानदार प्रदर्शन का असर सीधे रैंकिंग पर देखने को मिला। इस मुकाबले में कुल 36 विकेट गिरे, जिनमें से 35 विकेट तेज़ गेंदबाज़ों ने झटके। यही वजह रही कि रैंकिंग में पेस बॉलर्स को जबरदस्त उछाल मिला।
ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ मिचेल स्टार्क टेस्ट गेंदबाज़ों की रैंकिंग में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। स्टार्क के खाते में अब 843 रेटिंग पॉइंट्स हैं। हालांकि, वह अभी भी शीर्ष स्थान पर काबिज भारतीय पेसर जसप्रीत बुमराह से 36 अंक पीछे हैं, जिनके 879 पॉइंट्स हैं। मेलबर्न टेस्ट में स्टार्क ने प्रभावशाली गेंदबाज़ी की, जिसका उन्हें सीधा फायदा मिला। हालांकि, आने वाले समय में ऑस्ट्रेलिया का कोई टेस्ट मैच नहीं है, ऐसे में स्टार्क के लिए नंबर-1 तक पहुंचना फिलहाल आसान नहीं होगा।
इंग्लैंड के युवा तेज़ गेंदबाज़ जोश टंग को भी इस टेस्ट का बड़ा फायदा मिला है। उन्होंने मैच में 5/45 और 2/44 के शानदार आंकड़ों के साथ कुल 7 विकेट झटके। इसके चलते टंग को रैंकिंग में 13 स्थान का उछाल मिला और वह 573 अंकों के साथ 30वें स्थान पर पहुंच गए। यह मैच इंग्लैंड के लिए इस दौरे की पहली जीत भी साबित हुआ।
इंग्लैंड के ही गस एटकिंसन ने नई गेंद से ट्रैविस हेड का अहम विकेट लिया और कुल तीन विकेट झटके। उन्हें चार स्थान की छलांग मिली और वह 698 अंकों के साथ संयुक्त रूप से 13वें स्थान पर पहुंच गए। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के स्कॉट बोलैंड ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्थान की छलांग लगाई और 810 अंकों के साथ सातवें नंबर पर पहुंच गए। यह उनके करियर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
ब्राइडन कार्से को भी मेलबर्न टेस्ट में पांच विकेट लेने का फायदा मिला। वह गेंदबाज़ों की रैंकिंग में छह स्थान ऊपर चढ़कर 638 अंकों के साथ 23वें नंबर पर पहुंच गए। साथ ही ऑलराउंडर रैंकिंग में भी उन्हें फायदा मिला और वह 238 अंकों के साथ आठवें स्थान पर हैं।
बल्लेबाज़ों की बात करें तो इंग्लैंड के हैरी ब्रूक ने टेस्ट बैटर्स की रैंकिंग में तीन स्थान की छलांग लगाकर 846 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने स्टीव स्मिथ, ट्रैविस हेड और केन विलियमसन को पीछे छोड़ा है। ब्रूक टॉप पर मौजूद जो रूट से 21 अंक पीछे हैं। मेलबर्न टेस्ट में 41 रन और नाबाद 18 रन की पारियों ने इंग्लैंड की जीत में अहम भूमिका निभाई।
वनडे बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में भारत का दबदबा कायम है। टॉप-10 में चार भारतीय बल्लेबाज़ शामिल हैं। रोहित शर्मा पहले, विराट कोहली दूसरे, शुभमन गिल पांचवें और श्रेयस अय्यर दसवें स्थान पर बने हुए हैं।









