तमिलनाडु के मदुरै में तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगाई दीपम उत्सव को लेकर जारी विवाद के बीच मंगलवार (24 नवंबर) शाम दीप प्रज्वलित किया गया। सुप्रीम कोर्ट से मिली अनुमति के बाद पुजारियों की एक अधिकृत टीम ने पहाड़ी पर स्थित निर्धारित स्थान पर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। वहीं, बीजेपी ने तमिलनाडु सरकार पर हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं और हिंदू संगठनों के नेताओं को नजरबंद करने का आरोप लगाया है।
सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बाद जलाया गया दीप
सुप्रीम कोर्ट ने तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित सिकंदर बादशाह दरगाह के पास ‘दीपाथून’ यानी पत्थर के खंभे पर कार्तिगाई दीपम जलाने की अनुमति दी थी। अदालत के निर्देश के मुताबिक, केवल अधिकृत पुजारियों की टीम को ही दीप प्रज्वलित करने की इजाजत दी गई थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम लोगों के वहां जाने, जुलूस निकालने और भीड़ जुटाने पर प्रतिबंध लगाया गया था।
पहाड़ी और आसपास के इलाकों को बनाया गया रेड जोन
कार्तिगाई दीपम उत्सव के मद्देनजर मदुरै सिटी पुलिस ने तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी और उसके आसपास के क्षेत्रों को अस्थायी रूप से ‘रेड जोन’ घोषित किया था। इसके तहत 23 और 24 नवंबर को ड्रोन और मानवरहित हवाई वाहनों (UAVs) के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई थी। बीजेपी के मुताबिक, इस पूरे मामले को लेकर करीब 10 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने लगाया नजरबंद करने का आरोप
तमिलनाडु बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर निशाना साधते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने पहाड़ी पर कार्तिगाई दीपम जलाने का निर्देश दिया था, लेकिन मुख्यमंत्री ने पुनर्विचार याचिका दायर कर हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
नागेंद्रन ने राज्य में नशे से जुड़े अपराधों, हत्याओं और महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि तमिलनाडु में पिछले 60 वर्षों में ऐसी स्थिति देखने को नहीं मिली। उन्होंने कहा कि मंगलवार शाम उनकी मीनाक्षी अम्मन मंदिर में पूजा करने की योजना थी, लेकिन उन्हें और पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर दिया गया।
20 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को नजरबंद करने का दावा
समाचार एजेंसी आईएएनएस के हवाले से सामने आए दावों के मुताबिक, तिरुनेलवेली में करीब 500 बीजेपी कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया गया है। वहीं, पूरे तमिलनाडु में बीजेपी और हिंदू मुन्नानी के 20 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को नजरबंद किए जाने का आरोप लगाया गया है। बीजेपी नेताओं ने राज्य सरकार की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है।
‘इंदिरा गांधी के आपातकाल की याद दिलाती है कार्रवाई’- एल. मुरुगन
बीजेपी नेता एल. मुरुगन ने भी तिरुप्परनकुंद्रम दीपम विवाद को लेकर मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देश के बावजूद राज्य सरकार स्थिति को संभालने में विफल रही है। मुरुगन ने आरोप लगाया कि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, हिंदू मुन्नानी के प्रदेश अध्यक्ष काडेश्वर सुब्रमण्यम और अन्य हिंदू नेताओं को पहाड़ी पर जाने का प्रयास करने के दौरान नजरबंद कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि सरकार की यह कार्रवाई इंदिरा गांधी के कार्यकाल में लगाए गए आपातकाल की याद दिलाती है। मुरुगन ने राज्य सरकार से सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन सुनिश्चित करने की मांग की।


