योग गुरु बाबा रामदेव के हालिया बयान को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की प्रतिक्रिया सामने आई है. उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित रामकथा के दौरान बाबा रामदेव ने बिना किसी का नाम लिए कथावाचकों की कार्यशैली और धार्मिक बयानों पर सवाल उठाते हुए उन्हें ‘पाखंडी’ और ‘अनपढ़’ तक कह दिया था. उनके इस बयान को धीरेंद्र शास्त्री से जोड़कर देखा जा रहा था. अब बागेश्वर धाम सरकार ने बेहद सधे हुए अंदाज में इस विवाद पर अपना पक्ष रखा है.
‘बड़ों की डांट और आशीर्वाद सिर माथे पर’
पंजाब के पठानकोट में आयोजित तीन दिवसीय हनुमंत कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बाबा रामदेव के बयान पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि शायद उन्हें कुछ लगा होगा, वह हमारे अभिभावक हैं और हम सहज भाव से उनकी बात स्वीकार करते हैं. धीरेंद्र शास्त्री ने योग गुरु को आदरणीय बताते हुए कहा कि उनके मन में बाबा रामदेव के प्रति किसी भी प्रकार की दुर्भावना नहीं है. उन्होंने रामदेव की टिप्पणियों को भी आशीर्वाद के रूप में स्वीकार करते हुए कहा कि बड़ों की डांट और उनका आशीर्वाद सिर माथे पर है.
आखिर क्या बोले थे बाबा रामदेव?
इस विवाद की शुरुआत दो दिन पहले उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम से हुई थी. बाबा रामदेव ने बिना किसी का नाम लिए कहा था कि आजकल कुछ ऐसे लोग घूम रहे हैं, जिन्होंने न तो वेदों का अध्ययन किया है और न ही भारतीय दर्शन को समझा है. उन्हें लोकतंत्र और संविधान की भी समझ नहीं है, लेकिन वे मंचों से अनर्गल बातें करते हैं.
योग गुरु ने देवी-देवताओं की आपस में तुलना किए जाने पर भी नाराजगी जताई थी. उन्होंने सनातन धर्म की रक्षा का दावा करने वाले कुछ लोगों को पाखंडी करार दिया था. उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद इसे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से जोड़कर चर्चाएं होने लगीं.
हिंदू और सनातन धर्म के हितों को लेकर भी दिया बयान
पठानकोट में कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पंजाब सरकार की तारीफ करने के साथ राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका किसी विशेष राजनीतिक दल से न तो लगाव है और न ही विरोध. उन्होंने कहा कि जो भी राजनीतिक दल हिंदुओं और सनातन धर्म के हितों की रक्षा की बात करेगा, बागेश्वर धाम उसके साथ खड़ा रहेगा.


