अमेरिका में घंटों बाद बहाल हुई उड़ानें, FAA ने हटाई रोक, ट्रंप प्रशासन ने बताई वजह

अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण देशभर में कई घंटों तक उड़ानें प्रभावित रहीं. हालांकि, अब फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने ग्राउंड स्टॉप हटा दिया है.
अमेरिका
अमेरिका में घंटों बाद बहाल हुई उड़ानें, FAA ने हटाई रोक

अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण देशभर में कई घंटों तक उड़ानें प्रभावित रहीं. हालांकि, अब फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने ग्राउंड स्टॉप हटा दिया है. अमेरिकी परिवहन मंत्री शॉन डफी ने बताया कि पुराने हार्डवेयर में खराबी के चलते यह समस्या पैदा हुई थी. वहीं, ट्रंप प्रशासन ने फिलहाल किसी साइबर हमले की आशंका से इनकार किया है.

अमेरिका में शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल के रडार और कम्युनिकेशन सिस्टम में अचानक आई गड़बड़ी के चलते पूरे देश में हवाई यातायात प्रभावित हो गया. सुरक्षा के मद्देनजर फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने देशभर में विमानों के उड़ान भरने पर रोक लगा दी थी. हालांकि, कई घंटों की मशक्कत के बाद अब यह रोक हटा दी गई है और उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू हो गया है.

अमेरिकी परिवहन मंत्री शॉन डफी ने बताया कि देश के 22 एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में परेशानी आने के कारण कई घंटों तक उड़ान सेवाएं प्रभावित रहीं. उन्होंने कहा कि तकनीकी समस्या की पहचान कर ली गई है और अब एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर तथा टर्मिनल रडार अप्रोच कंट्रोल (TRACON) काम कर रहे हैं. डफी ने बताया कि अमेरिकी ईस्टर्न टाइम के मुताबिक रात 8 बजकर 15 मिनट पर एयरस्पेस दोबारा खोल दिया गया. कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को भी रवाना कर दिया गया है.

यात्रियों को एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह

उड़ानों पर लगी रोक हटने के बावजूद अमेरिकी परिवहन मंत्री ने स्पष्ट किया कि हवाई सेवाओं को पूरी तरह सामान्य होने में अभी समय लगेगा. उन्होंने एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों से अपनी संबंधित एयरलाइन से संपर्क करने की अपील की.

शॉन डफी ने कहा, ”अभी सभी उड़ानों के सामान्य संचालन में थोड़ा समय लगेगा। इसलिए अगर आप अभी किसी एयरपोर्ट पर हैं, तो अपनी एयरलाइन से संपर्क करें. यह इस बात पर निर्भर करता है कि क्या हमारे पास क्रू उपलब्ध है? क्या आपकी उड़ान के लिए पायलट और फ्लाइट अटेंडेंट मौजूद हैं?”

उन्होंने आगे कहा कि अगर पर्याप्त क्रू उपलब्ध होता है, तो रात में ज्यादा से ज्यादा उड़ानों को रवाना करने की कोशिश की जाएगी. अन्यथा एयरलाइंस के साथ मिलकर अगली सुबह विमानों को रवाना किया जाएगा. उन्होंने स्वीकार किया कि दोपहर में पैदा हुई स्थिति को पूरी तरह सामान्य करने में समय लगेगा.

आखिर पूरे अमेरिका में उड़ानों पर क्यों लगी थी रोक?

अमेरिकी परिवहन मंत्री के मुताबिक, शुक्रवार को दोपहर 3 बजकर 36 मिनट पर देशभर के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर और TRACON के रडार एवं संचार प्रणालियों में अस्थिरता देखने को मिली. इसके चलते रडार से मिलने वाले डेटा और विमानों के साथ एयर ट्रैफिक कंट्रोल के संचार में विसंगतियां आने लगीं. ऐसी स्थिति में नए विमानों को उड़ान भरने की अनुमति देना जोखिम भरा हो सकता था. इसी वजह से FAA ने सुरक्षा के लिए देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप लागू करने का फैसला किया.

शॉन डफी ने कहा, ”हमारे पास ऐसी स्थितियों के लिए पहले से तय प्रक्रियाएं मौजूद हैं. हमारे पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर अच्छी तरह से प्रशिक्षित हैं. ऐसी स्थिति में हमने ग्राउंड स्टॉप का आदेश जारी किया. उस समय हवा में 3,500 से अधिक विमान थे, सभी ने सहयोग किया.” उन्होंने बताया कि पहले से हवा में मौजूद विमानों को सुरक्षित तरीके से उतारने की व्यवस्था की गई. जब उन्होंने आखिरी बार स्थिति की समीक्षा की, तब एयरस्पेस में 400 से कम विमान बचे थे, जो सुरक्षित रूप से उतरने के लिए आ रहे थे.

पुराने हार्डवेयर में खराबी बनी संकट की वजह

अमेरिकी परिवहन मंत्री शॉन डफी ने बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई इस बड़ी गड़बड़ी की वजह पुराने हार्डवेयर में खराबी थी. उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी रडार और TRACON पूरी तरह बंद नहीं हुए थे, लेकिन सिस्टम में अस्थिरता के कारण एहतियात के तौर पर ग्राउंड स्टॉप लागू करना जरूरी हो गया था.

डफी ने कहा, ”सच यह है कि हमारा एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम बहुत पुराना हो चुका है. राष्ट्रपति पिछले एक साल से कांग्रेस से एक बिल्कुल नया एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम बनाने के लिए पूरा फंड देने की मांग कर रहे हैं. असल में पुराने हार्डवेयर में खराबी आने की वजह से यह समस्या हुई.” इस घटना ने अमेरिका के दशकों पुराने एयर ट्रैफिक कंट्रोल इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने की जरूरत को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है.

मेडिकल इमरजेंसी और जीवनरक्षक उड़ानों को मिली अनुमति

देशभर में ग्राउंड स्टॉप लागू होने के बावजूद कुछ बेहद जरूरी उड़ानों को संचालन की अनुमति दी गई थी. शॉन डफी ने बताया कि मेडिकल इमरजेंसी, जीवनरक्षक दवाओं की आपूर्ति करने वाले कार्गो ऑपरेशन और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से जुड़ी जरूरी उड़ानों को जारी रखा गया. उन्होंने कहा कि ऐसी आपात परिस्थितियों में भी उन उड़ानों को प्राथमिकता दी जाती है, जिनका संचालन लोगों की जान बचाने या आवश्यक सुरक्षा सेवाओं के लिए जरूरी होता है.

क्या अमेरिका पर हुआ था साइबर अटैक?

अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम की इतनी बड़ी खराबी के बाद साइबर हमले की आशंका भी जताई जाने लगी थी. हालांकि, ट्रंप प्रशासन ने कहा है कि शुरुआती जांच में किसी साइबर हमले या दुर्भावनापूर्ण गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं.

अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा, ”अभी कुछ भी 100 फीसदी भरोसे के साथ नहीं कहा जा सकता है, लेकिन फिलहाल ऐसा नहीं लगता कि यह किसी साइबर अटैक या किसी अनियंत्रित AI की वजह से हुआ है, हमने अपनी टीमों को काम पर लगा दिया है. हमारे पास जो भी संसाधन हैं, हम उनका इस्तेमाल कर रहे हैं। अभी तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है.” मुलिन ने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम की इस खराबी का हाल में हुई माइक्रोसॉफ्ट आउटेज से कोई संबंध नहीं है.

उड़ानें शुरू, लेकिन सामान्य स्थिति लौटने में लगेगा समय

FAA की ओर से ग्राउंड स्टॉप हटाए जाने के बाद अमेरिका में हवाई सेवाएं धीरे-धीरे बहाल हो रही हैं. हालांकि, कई घंटों तक उड़ानें प्रभावित रहने के कारण एयरलाइंस के सामने विमानों और क्रू सदस्यों को उनकी निर्धारित जगहों पर पहुंचाने की चुनौती बनी हुई है. फिलहाल अमेरिकी प्रशासन की प्राथमिकता अधिक से अधिक उड़ानों का संचालन शुरू करना और यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाना है. साथ ही तकनीकी खराबी के कारणों की विस्तृत जांच भी जारी है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा पैदा न हो.

संबंधित खबरें

देशभर की 4,123 विधानसभा सीटों पर BJP का सेवा दूत अभियान, 25 दिन जनता के बीच रहेंगे नेता

अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत का धमाका, पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर हराकर जीता खिताब

राहुल गांधी का बड़ा बयान, बोले- 2014 में भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया, PM मोदी पर साधा निशाना

यूपी चुनाव में कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें? अखिलेश यादव के खुलासे से सियासी हलचल तेज

छठ पूजा 2026: आज है खरना, जानें पूजा का शुभ मुहूर्त और रसियाव-रोटी का धार्मिक महत्व

Recommended Stories

देशभर की 4,123 विधानसभा सीटों पर BJP का सेवा दूत अभियान, 25 दिन जनता के बीच रहेंगे नेता

अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत का धमाका, पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर हराकर जीता खिताब

राहुल गांधी का बड़ा बयान, बोले- 2014 में भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया, PM मोदी पर साधा निशाना

यूपी चुनाव में कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें? अखिलेश यादव के खुलासे से सियासी हलचल तेज

छठ पूजा 2026: आज है खरना, जानें पूजा का शुभ मुहूर्त और रसियाव-रोटी का धार्मिक महत्व