वड़ा पाव गर्ल चंद्रिका दीक्षित सड़क किनारे ठेला लगाती दिखीं, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर ‘वड़ा पाव गर्ल’ के नाम से मशहूर चंद्रिका दीक्षित एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनका एक वायरल वीडियो है, जिसमें वह सड़क किनारे ठेला लगाकर काम करती नजर आ रही हैं. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. कई लोग इसे उनकी नई शुरुआत बता रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स इसे पब्लिसिटी स्टंट भी कह रहे हैं.
चंद्रिका दीक्षित ने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है. वीडियो में वह सड़क किनारे ठेले के पास खड़ी दिखाई दे रही हैं. ठेले पर कड़ाही चढ़ी हुई है, गैस जल रही है और ग्राहक भी नजर आ रहे हैं. वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “जितना शुक्रिया करूं उतना कम… हर-हर महादेव।” वहीं वीडियो पर टेक्स्ट लिखा है, “वक्त से बढ़कर कुछ नहीं।” इसके साथ उन्होंने रोने वाला इमोजी भी लगाया है.
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. ‘बिग बॉस ओटीटी’ में नजर आने और सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के बाद चंद्रिका की इस तरह सड़क किनारे ठेला लगाते हुए तस्वीरों और वीडियो ने लोगों को हैरान कर दिया. कई यूजर्स ने उनके संघर्ष की सराहना की, जबकि कुछ ने इसे केवल लाइमलाइट में बने रहने की कोशिश बताया.
कमेंट सेक्शन में मिले-जुले रिएक्शन देखने को मिले. कुछ लोगों ने लिखा कि मेहनत करने में कोई शर्म नहीं है, वहीं कुछ यूजर्स ने इसे “पब्लिसिटी स्टंट” और “ड्रामा” करार दिया. हालांकि, चंद्रिका दीक्षित ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह वीडियो किसी नए काम की शुरुआत का हिस्सा है या केवल कंटेंट क्रिएशन के लिए बनाया गया है.
गौरतलब है कि कुछ समय पहले चंद्रिका दीक्षित अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में थीं. उनके पति पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोप लगाए गए थे. इसके अलावा उन्होंने एक मिस्ट्री मैन के साथ वीडियो भी पोस्ट किए थे, जिसके बाद उनके रिश्ते और दूसरी शादी को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं. हालांकि बाद में चंद्रिका और उनके पति फिर साथ नजर आए और दोनों ने सोशल मीडिया पर एक साथ वीडियो भी साझा किए. इन घटनाओं के बाद भी कई यूजर्स ने पूरे विवाद को पब्लिसिटी स्टंट बताया था.
फिलहाल, सड़क किनारे ठेला लगाते हुए चंद्रिका दीक्षित का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, इसके पीछे की असली वजह क्या है, इस पर अभी तक उनकी ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि यह वीडियो उनकी नई शुरुआत का संकेत है या फिर किसी आगामी प्रोजेक्ट का हिस्सा.


