नई दिल्ली: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के यश डबास ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने NSUI के विजय शंकर मीणा को 2,053 वोटों के अंतर से हराया। यश डबास को कुल 24,576 वोट मिले, जबकि विजय शंकर मीणा को 22,523 वोट मिले।
जीत के बाद यश डबास ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “आज अध्यक्ष मैं नहीं, बल्कि आप सब बने हैं।” उन्होंने कहा कि वह पूरे साल यानी 365 दिन छात्रों के लिए काम करेंगे।
तीन केंद्रीय पद ABVP के खाते में
DUSU चुनाव में ABVP ने अध्यक्ष के अलावा सचिव और संयुक्त सचिव पद पर भी जीत हासिल की। सचिव पद पर ABVP की रिया छाबड़ी ने 21,650 वोट हासिल किए, जबकि NSUI की नम्रता चौधरी को 14,869 वोट मिले।
संयुक्त सचिव पद पर ABVP के लक्ष्य राज सिंह 16,615 वोट के साथ विजयी रहे। समाजवादी छात्र सभा (SP) के विशेष यादव को 15,778 वोट मिले, जबकि NSUI के गोपाल चौधरी 15,206 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
जीत के बाद क्या बोले यश डबास?
यश डबास ने अपनी जीत के बाद छात्रों के लिए काम करने की बात कही। उन्होंने हॉस्टल की सुविधा बढ़ाने, छात्राओं की सुरक्षा और दिल्ली के PG में लिए जाने वाले किराए को लेकर ऑडिट जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि उनकी जीत सामाजिक सद्भाव, देशभक्ति और एकता की जीत है। यश ने चुनाव प्रचार के दौरान छात्रों से किए गए वादों को दोहराते हुए कहा कि आने वाले समय में छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
निर्दलीय दीपांशु शौकीन ने भी चौंकाया
DUSU चुनाव में उपाध्यक्ष पद का नतीजा भी खास रहा। निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने 30,615 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने ABVP के ईशु मौर्य और NSUI के वीर छत्रथ को पीछे छोड़ा। दीपांशु पहले NSUI से जुड़े रहे थे, लेकिन टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का फैसला किया। दीपांशु दिल्ली यूनिवर्सिटी के बौद्ध अध्ययन विभाग से एमए कर रहे हैं और पश्चिमी दिल्ली के पीरागढ़ी गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता DTC में बस कंडक्टर हैं, जबकि उनकी मां आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं।
इस तरह DUSU के चार केंद्रीय पदों में से तीन पर ABVP उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष पद निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन के खाते में गया।