लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात बिछनी शुरू हो गई है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी ने युवाओं को लुभाने के लिए एक नई रणनीति अपनाई है। लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के मुख्यालय के बाहर ‘जेन जी’ (Gen Z) के समर्थन में पोस्टर लगाए गए हैं, जिन पर लिखा है- ‘जेन जी का जनादेश बदलेगा उत्तर प्रदेश’।
अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी अब युवाओं पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित कर रही है। पार्टी ने अपने युवा मोर्चा के लिए एक नया ड्रेस कोड भी लागू किया है, जिसके तहत अब युवा मोर्चा के पदाधिकारी नीली शर्ट और नीली वर्दी में नजर आएंगे। अखिलेश यादव खुद भी अब लाल गमछे के बजाय नीले गमछे के साथ दिखाई दे रहे हैं, जिसे राजनीतिक गलियारों में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अखिलेश यादव युवाओं के बीच अपनी पैठ मजबूत करने के लिए यह कवायद कर रहे हैं। हालांकि, पार्टी के सामने चुनौती यह है कि वह युवाओं को रोजगार, शिक्षा और भविष्य की योजनाओं के प्रति कैसे आश्वस्त करती है। यह नया कैंपेन सपा की आगामी चुनावी रणनीति का एक अहम हिस्सा माना जा रहा है।