केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 2027 में होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का टाइमटेबल जारी कर दिया है. बोर्ड की ओर से 6 नवंबर को जारी की गई डेटशीट के मुताबिक, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी. 10वीं की परीक्षाएं 9 मार्च तक, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 9 अप्रैल 2027 तक चलेंगी. परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट (https://www.cbse.gov.in/) पर विषयवार शेड्यूल देख सकते हैं.
9 मार्च तक होंगी 10वीं की परीक्षाएं
CBSE के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सेकेंडरी यानी कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 मार्च 2027 तक आयोजित की जाएंगी. वहीं, सीनियर सेकेंडरी यानी कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 अप्रैल तक चलेंगी.
इस बार कक्षा 10वीं के विद्यार्थी 83 विषयों और कक्षा 12वीं के छात्र 121 विषयों की परीक्षा देंगे. सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगी. छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपने विषयों के अनुसार परीक्षा की तारीख और समय की जानकारी डेटशीट से जरूर देख लें.
9 अप्रैल तक चलेंगी 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं
कक्षा 12वीं की परीक्षाओं का आयोजन करीब दो महीने तक किया जाएगा. बोर्ड ने विषयों के संयोजन को ध्यान में रखते हुए परीक्षा कार्यक्रम तैयार किया है, ताकि किसी विद्यार्थी के चुने हुए दो विषयों की परीक्षाएं एक ही दिन न पड़ें. डेटशीट तैयार करते समय 40 हजार से अधिक विषय संयोजनों को ध्यान में रखा गया है. इससे छात्रों को अपने सभी विषयों की परीक्षा देने में सुविधा मिलेगी.
सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगे पेपर
CBSE की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, बोर्ड परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होंगी. छात्रों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने और एडमिट कार्ड पर दिए गए निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जाती है.
CBSE Board Exam 2027 की डेटशीट कहां और कैसे देखें?
कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी विषयवार डेटशीट डाउनलोड कर सकते हैं. इसके लिए ये स्टेप्स फॉलो करें:
- सबसे पहले CBSE की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाएं.
- वेबसाइट पर ‘Latest Announcements’ या ‘Examination’ सेक्शन खोलें.
- कक्षा 10वीं या 12वीं की डेटशीट 2027 के लिंक पर क्लिक करें.
- इसके बाद स्क्रीन पर टाइमटेबल की PDF खुल जाएगी.
- PDF डाउनलोड करके अपने पास सुरक्षित रख लें.
छात्रों को सलाह है कि वे डेटशीट के आधार पर अपनी तैयारी की योजना बनाएं और परीक्षा से पहले सभी विषयों का रिवीजन पूरा कर लें. परीक्षा से जुड़े किसी भी नए अपडेट के लिए CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें.


