By-poll Election Result 2026 Live: बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों की मतगणना सोमवार सुबह से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है। तीनों सीटों पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था और अब वोटों की गिनती के साथ शुरुआती रुझान सामने आने लगे हैं। अब तक मिले रुझानों में बिहार की बांकीपुर सीट से जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी आगे चल रहे हैं।
तीनों राज्यों में कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है मतगणना
मतगणना की शुरुआत डाक मतपत्रों की गिनती से हुई, जिसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) में दर्ज मतों की गिनती शुरू की गई। चुनाव आयोग ने सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं ताकि प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके।
बांकीपुर से प्रशांत किशोर आगे
बिहार की सबसे चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर शुरुआती राउंड से ही बढ़त बनाए हुए हैं। शुरुआती रुझानों के मुताबिक, दूसरे राउंड के बाद वह बीजेपी उम्मीदवार से 1,161 वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं बीजेपी दूसरे स्थान पर और आरजेडी तीसरे स्थान पर बनी हुई है।
बांकीपुर उपचुनाव को इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि प्रशांत किशोर पहली बार किसी विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बने हैं।
दतिया में बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी आगे
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर भी मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है। मतगणना के दूसरे दौर के बाद बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी 875 वोटों की बढ़त के साथ आगे चल रहे हैं। यहां बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
नरोत्तम मिश्रा ने जताया जीत का भरोसा
दतिया उपचुनाव के बीच भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा ने पार्टी की जीत का दावा करते हुए कहा कि भाजपा शुरू से ही जीत की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन के सभी नेताओं ने मिलकर चुनाव में मेहनत की है, जिसका परिणाम पार्टी के पक्ष में आएगा।
दोपहर तक तस्वीर हो सकती है साफ
बिहार की बांकीपुर, गुजरात की मंजलपुर और मध्य प्रदेश की दतिया सीटों पर मतगणना जारी है। जैसे-जैसे राउंड आगे बढ़ेंगे, चुनाव परिणाम की तस्वीर और स्पष्ट होती जाएगी। फिलहाल सभी की निगाहें इन तीनों सीटों के अंतिम नतीजों पर टिकी हुई हैं।