Mahakali Teaser: अक्षय खन्ना की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘महाकाली’ का पहला टीजर रिलीज हो गया है। फिल्म में अक्षय खन्ना असुरों के गुरु शुक्राचार्य के किरदार में नजर आ रहे हैं। करीब 2 मिनट 53 सेकेंड के इस टीजर में उनका खौफनाक और दमदार अंदाज देखने को मिल रहा है।
‘धुरंधर’ के बाद फैंस एक बार फिर अक्षय खन्ना को बड़े पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित थे। अब ‘महाकाली’ के टीजर ने उनकी एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है। फिल्म का निर्देशन प्रशांत वर्मा कर रहे हैं और यह उनके सिनेमैटिक यूनिवर्स का अगला चैप्टर है।
शुक्राचार्य के रूप में दिखे अक्षय खन्ना
टीजर की शुरुआत रहस्यमयी माहौल और एक बच्चे के रोने की आवाज से होती है। इसके बाद अक्षय खन्ना की शुक्राचार्य के रूप में दमदार एंट्री होती है। वह देवताओं और असुरों के बीच हुए भेदभाव पर सवाल उठाते हुए नजर आते हैं।
शुक्राचार्य कहते हैं कि समुद्र मंथन में देवों और असुरों ने बराबर मेहनत की, लेकिन अमृत सिर्फ देवताओं को मिला। इसके बाद वह सवाल करते हैं कि यह धर्म है या अधर्म।
टीजर में इंद्र के सिंहासन का अधिकार छीने जाने और असुरों को पाताल लोक में भेजे जाने का भी जिक्र किया गया है। शुक्राचार्य के मुताबिक, असुरों के साथ हुए इस अन्याय का जवाब अब दिया जाएगा।
14 दिनों में होगा मानवजाति का सर्वनाश?
टीजर में शुक्राचार्य असुरों की जीत का ऐलान करते हुए कहते हैं कि 14 दिनों के अंदर असुरों का विजयघोष गूंजेगा। इसके बाद वह रक्तबीज को मानवजाति का सर्वनाश करने का आदेश देते हैं।
अक्षय खन्ना के डायलॉग और उनका लुक टीजर की सबसे बड़ी खासियत नजर आ रहे हैं। उनकी दमदार आवाज और स्क्रीन प्रेजेंस ने फैंस का ध्यान खींच लिया है।
आखिरी सीन में दिखीं भूमि शेट्टी
टीजर के आखिरी कुछ सेकेंड सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। इसमें भूमि शेट्टी महाकाली के रूप में नजर आती हैं। उनकी छोटी सी झलक भी काफी रहस्यमयी और डरावनी है। इस सीन ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है कि फिल्म में महाकाली का किरदार किस तरह कहानी को आगे ले जाएगा।
8 जनवरी 2027 को रिलीज होगी फिल्म
मेकर्स ने टीजर के साथ फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। ‘महाकाली’ 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की कहानी धर्म और अधर्म के बीच होने वाले एक बड़े संघर्ष पर आधारित बताई जा रही है। इसमें शुक्राचार्य के नेतृत्व में असुरों और दिव्य शक्तियों के बीच होने वाले युद्ध की झलक देखने को मिलेगी।